हिमाचल के युवाओं के लिए सेना की वर्दी पहनने का मौका, धर्मशाला में 1 से 14 अगस्त तक होगी अग्निवीर भर्ती रैली
कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए धर्मशाला में 1 से 14 अगस्त तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां ते ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का मौका है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
धर्मशाला में 1 से 14 अगस्त तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली।
कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर।
जिला प्रशासन ने रैली की तैयारियों को तेज किया।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा और चंबा जिलों के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती होने का सुनहरा अवसर है। धर्मशाला स्थित सिंथेटिक ग्राउंड में आगामी 1 से 14 अगस्त तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली होगी। भर्ती रैली को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को मिनी सचिवालय धर्मशाला में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार की अध्यक्षता में सेना और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक की। बैठक में भर्ती रैली के दौरान की जाने वाली विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मानसून के मौसम को देखते हुए सभी विभाग समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि किसी भी आपात स्थिति या मौसमी चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पुख्ता रहें।
एसडीएम और तहसीलदार बनाए नोडल अधिकारी
विनय कुमार ने एसडीएम और तहसीलदार धर्मशाला को भर्ती रैली का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था, वाटरप्रूफ टेंट, वाहन पार्किंग, पुलिस कंट्रोल रूम, अतिरिक्त बसों की व्यवस्था, चिकित्सकों एवं एंबुलेंस की तैनाती, सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, विद्युत और इंटरनेट सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाने को कहा।
प्रमाण-पत्रों का भर्ती स्थल पर होगा सत्यापन
उन्होंने खेल, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भर्ती प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए भर्ती स्थल पर सक्षम अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सभी विभागों को सेना से समन्वय का निर्देश
अतिरिक्त उपायुक्त ने सेना अधिकारियों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की ओर से भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को सेना के साथ बेहतर तालमेल बनाकर अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में सेना की ओर से कर्नल विशाल शाह, मेजर अखिल एस नायर, प्रदीप सिंह और सूबेदार मेजर नीरज उपस्थित रहे। वहीं प्रशासन की ओर से एसी विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रत्न सहित पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल शक्ति विभाग, विद्युत बोर्ड, परिवहन, नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।