CM सुक्खू पर सुधीर शर्मा की टिप्पणी से बवाल, धर्मशाला में कांग्रेस का प्रदर्शन; कहा- माफी न मांगी तो होगा विरोध
धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

धर्मशला में विधायक सुधीर शर्मा के विरोध में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता। जागरण
HighLights
धर्मशाला में कांग्रेस ने सुधीर शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू पर टिप्पणी को लेकर माफी की मांग।
पुलिस ने सुधीर शर्मा का पुतला जलाने से रोका।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। शिमला में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के खिलाफ भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की कथित टिप्पणी को लेकर वीरवार को धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर एकत्रित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री के समर्थन में प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विधायक सुधीर शर्मा को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
पुलिस ने छीन लिया पुतला
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक सुधीर शर्मा का पुतला फूंकने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पुतला अपने कब्जे में ले लिया, जिससे पुतला दहन नहीं हो सका।
सुधीर के शब्द निंदनीय : जग्गी
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता एवं पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने कहा कि विधायक सुधीर शर्मा द्वारा मुख्यमंत्री के लिए इस्तेमाल किए गए शब्द बेहद निंदनीय हैं और यह उनकी राजनीतिक संस्कृति को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा विजिलेंस जांच से घबराए हुए हैं। यदि उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया है तो जांच से डरने की कोई वजह नहीं होनी चाहिए।
चुनाव में जवाब देगी जनता
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि धर्मशाला की जनता विधायक के कार्यों से परिचित है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। कांग्रेस ने मांग की कि विधायक सुधीर शर्मा तत्काल मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से माफी मांगें, अन्यथा पार्टी जनआंदोलन को और तेज करेगी।