हिमाचल में पुलिस अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला, फतेहपुर में शिकायत के निपटारे के लिए गई थी टीम; DIG ने दिए नए निर्देश
Himachal Pradesh News, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर में घरेलू हिंसा की शिकायत की जांच के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हम ...और पढ़ें

फतेहपुर में पुलिस अधिकारी पर हमले के बाद डीआईजी सौम्या ने बुलाई बैठक। जागरण
HighLights
पुलिस अधिकारी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला।
घरेलू हिंसा की शिकायत जांचने गए थे।
आरोपी पति गिरफ्तार, रिमांड पर भेजा गया।
संवाद सहयोगी, फतेहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा पुलिस अधिकारी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। जिला पुलिस नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना फतेहपुर क्षेत्र में 112 पुलिस हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत की जांच के दौरान एक पुलिस अधिकारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
घटना के बाद डीआईजी नॉर्थ ज़ोन सौम्या सांबशिवन पुलिस थाना फतेहपुर पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस स्टाफ के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान नूरपुर जिला के एसपी कुलभूषण शर्मा और थाना प्रभारी फतेहपुर पवन गुप्ता भी मौजूद रहे।
25 जनवरी की रात 112 पुलिस हेल्पलाइन पर महिला इंद्र बाला, निवासी तुहाड़ पंचायत (हटली) ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
एएसआई के सिर पर मार दी कुल्हाड़ी
जांच के दौरान अचानक शिकायतकर्ता महिला का पति बुद्धि सिंह मौके पर पहुंचा और उसने जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन हमले के दौरान कुल्हाड़ी एएसआई इंद्र सिंह के सिर पर लग गई, जिससे उन्हें चोट आई और खून बहने लगा।
हमला कर भाग निकला शातिर
मौके पर मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस कर्मियों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई। हमले के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीआईजी ने दिए नए निर्देश
डीआईजी नार्थ ज़ोन सौम्या सांबशिवन ने निर्देश दिए कि भविष्य में पारिवारिक व जमीनी विवादों से जुड़ी 112 शिकायतों पर पुलिस टीम बनाकर मौके पर भेजी जाए।
क्या कहते हैं एएसआई
वहीं हमले में घायल जांच अधिकारी एएसआई इंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें 112 पुलिस हेल्पलाइन के माध्यम से घरेलू विवाद से जुड़ी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने पर वे नियमानुसार पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ जांच कर रहे थे। इसी दौरान आरोपित ने अचानक हमला कर दिया।