Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल में सड़क पर घूमते पशु बने जानलेवा, फतेहपुर में सांड ने ली व्यक्ति की जान; सींग से फाड़ डाला पेट

    By Dinesh Katoch Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 05:35 PM (IST)

    फतेहपुर, कांगड़ा में एक सांड के हमले से 60 वर्षीय दीप राज की मौत हो गई, जिससे बेसहारा पशुओं की समस्या पर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने स्थायी समाध ...और पढ़ें

    फतेहपुर में सांड के हमले में व्यक्ति की मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो

    फतेहपुर में सांड के हमले में व्यक्ति की मौत हो गई। प्रतीकात्मक फोटो

    संवाद सहयोगी, फतेहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में जिला कांगड़ा के उपमंडल मुख्यालय फतेहपुर में शनिवार सुबह सांड के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की बढ़ती संख्या को लेकर लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
    फतेहपुर निवासी 60 वर्षीय दीप राज शनिवार सुबह अपने घर के बाहर से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया।

    बैल के सींग लगने से उनके पेट में गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर स्थित सिविल अस्पताल फतेहपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक दीप राज दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

    प्रधान ने पुलिस को सूचित किया

    पंचायत प्रधान करनैल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है।

    बढ़ गए बेसहारा पशु

    लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और किसानों में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते इन पशुओं को नियंत्रित नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

    स्थायी समाधान की मांग

    उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। लोगों ने बताया कि जिस बैल ने यह दर्दनाक घटना अंजाम दिया, वह लंबे समय से क्षेत्र में घूम रहा था और इससे पहले उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया था। 

    स्थानीय लोगों के अनुसार यह बैल सामान्य रूप से सड़क किनारे चलता रहता था, लेकिन शनिवार को अचानक उग्र होकर उसने दीप राज पर हमला कर दिया। क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक सहायता करने की भी मांग की है।

    खबरें और भी

    मटौर-शिमला फोरलेन पर गई थी एक की जान

    10 जुलाई को मटौर शिमला फोरलेन नेशनल हाईवे पर एक मामला सामने आया था, जहां सड़क पर अचानक आए बेसहारा पशु के कारण एक युवा की जान चली गई। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय अभिषेक कुमार मटौर-शिमला फोरलेन नेशनल हाईवे पर दौलतपुर के पास मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बेसहारा पशु सड़क पर आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे अभिषेक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    भवारना बाजार में सांड के हमले ने ली थी व्यक्ति की जान

    पालमपुर के समीप भवारना बाजार में बेसहारा सांड के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई थी, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। यह घटना जून 2026 के आखिरी सप्ताह की है जिसमें भवारना बाजार में एक उग्र बेसहारा सांड ने अचानक व्यक्ति पर हमला कर दिया। सांड के सीधे हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई थी।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में पति के साथ होटल गई महिला से बेहोश कर दुष्कर्म, आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बनाए