Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुजानपुर एयर शो: एयरफोर्स के चार विमानों ने की क्षेत्र की मैपिंग, कल से गूंजेगा आसमान; CM सुक्खू भी लेंगे भाग

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 24 Mar 2026 02:28 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में पहली बार आयोजित होने वाले दो दिवसीय एयर शो से पहले भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण टीम के चार विमानों ने क्षेत्र की मैपिंग ...और पढ़ें

    HighLights

    1. सूर्य किरण टीम के चार विमानों ने की क्षेत्र की मैपिंग।

    2. कल से 9 विमान दिखाएंगे रोमांचक एयरोबेटिक करतब, सीएम भी होंगे शामिल।

    3. युवाओं को भारतीय वायुसेना में शामिल होने को प्रेरित करना उद्देश्य।

    रवि ठाकुर, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में जिला हमीरपुर के सुजानपुर में पहली बार आयोजित होने जा रहे दो दिवसीय एयर शो से पहले मंगलवार को आसमान में जबरदस्त हलचल देखने को मिली। सुबह करीब 11 बजे भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के चार विमानों ने उड़ान भरकर पूरे क्षेत्र की बारीकी से मैपिंग की और अपने हवाई प्रदर्शन की सीमाएं तय कीं।

    तेज रफ्तार और सटीक समन्वय के साथ उड़ते विमानों ने स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और आगामी शो को लेकर उत्सुकता चरम पर पहुंच गई।

    बुधवार सुबह 9 विमान करेंगे एयर शो

    एयर शो का मुख्य आकर्षण बुधवार सुबह देखने को मिलेगा, जब सूर्य किरण टीम के 9 विमान एक साथ आसमान में उड़ान भरकर रोमांचक एयरोबेटिक करतब दिखाएंगे। रंग-बिरंगे धुएं के साथ बनाए जाने वाले आकाशीय डिजाइन दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देंगे। 

    सैनिक स्कूल में दो दिन आयोजन

    यह भव्य आयोजन 25 और 26 मार्च को सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। पहले दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और दूसरे दिन सांसद अनुराग सिंह ठाकुर कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

    क्यों किया जा रहा आयोजन

    सैनिक स्कूल की प्रिंसिपल रचना जोशी के अनुसार, सुजानपुर में इस तरह का एयर शो पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में भारतीय वायुसेना के प्रति आकर्षण बढ़ाना और उन्हें देश सेवा के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि 9वीं से 12वीं कक्षा के एनसीसी कैडेट्स, जिनकी परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं, उन्हें इस आयोजन में शामिल किया जाएगा।

    खबरें और भी

    44 स्कूलों व 10 कॉलेज एनसीसी कैडेट्स जुटेंगे

    जिले के 44 स्कूलों और 10 कॉलेजों में चल रही एनसीसी यूनिट्स से करीब 500-600 कैडेट्स इस एयर शो के साक्षी बनेंगे। 25 मार्च को लगभग 400 और 26 मार्च को 200 कैडेट्स की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्यक्रम छात्रों को वायुसेना की कार्यप्रणाली, अनुशासन और पेशेवर कौशल को नजदीक से देखने का अनूठा अवसर प्रदान करेगा।

    चंडीगढ़ में भी होगा आयोजन

    गौरतलब है कि सुजानपुर के बाद 27 और 28 मार्च को यही सूर्य किरण एरोबेटिक टीम चंडीगढ़ की सुखना लेक पर भी अपने करतब दिखाएगी। ऐसे आयोजनों से न केवल क्षेत्र में उत्साह का माहौल बनता है, बल्कि युवाओं में देशभक्ति और सशस्त्र बलों में करियर बनाने की प्रेरणा भी मिलती है।

    यह भी पढ़ें: धुरंधर-2 फिल्म की सफलता के बीच कांगड़ा बज्रेश्वरी मंदिर आएंगे निर्देशक आदित्य धर, हिमाचल से है खासा नाता 

    यह भी पढ़ें: हिमाचल के किन्नौर में NH-5 पर दरका पहाड़, भारी भरकम चट्टानें गिरने से धंस गई पूरी सड़क; बाल-बाल बचे वाहन सवार