नोएडा से हिमाचल का सफर अब डेढ़ घंटे में, जेवर एयरपोर्ट से इंडिगो की फ्लाइट शुरू; शेड्यूल और किराया सब तय
नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से कांगड़ा के लिए इंडिगो की सीधी उड़ान शुरू हो गई है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय मात्र 1 घंटा 40 मिनट रह गया है। ...और पढ़ें

नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से हिमाचल के लिए इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो गई है।
HighLights
जेवर से कांगड़ा के लिए इंडिगो की उड़ान शुरू।
यात्रा का समय घटकर 1 घंटा 40 मिनट हुआ।
हिमाचल-एनसीआर हवाई संपर्क हुआ मजबूत।
प्रमोद सैनी, गगल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े एयरपोर्ट गगल स्थित कांगड़ा से नोएडा के जेवर के लिए इंडिगो की फ्लाइट शुरू हो गई है। बुधवार सुबह 10:30 के करीब इंडिगो का विमान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर कांगड़ा पहुंचा। कांगड़ा एयरपोर्ट के निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि इंडिगो का विमान पहले दिन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 47 यात्री लेकर कांगड़ा पहुंचा। एयरपोर्ट पर विमान यात्रियों का स्वागत किया गया।
वापसी में 39 यात्री हुए रवाना
सकलानी ने बताया कि 39 यात्री कांगड़ा एयरपोर्ट से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए यह विमान नियमित रूप से कांगड़ा एयरपोर्ट आएगा।
एक घंटा 40 मिनट में होगा सफर
इंडिगो का विमान प्रतिदिन सुबह 9:55 बजे जेवर से उड़ान भरकर 11:40 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद, विमान दोपहर 12 बजे कांगड़ा से उड़ान भरकर 1:40 बजे नोएडा पहुंचेगा। इस प्रकार, दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय मात्र 1 घंटा 40 मिनट करीब डेढ़ घंटा रहेगा। इस रूट का किराया लगभग 7 से 8 हजार रुपये के बीच है।
ये उड़ानें होंगी एयरपोर्ट से
नई उड़ान के साथ गगल एयरपोर्ट से अब इंडिगो की कुल चार, स्पाइसजेट की चार और एलायंस एयर की एक नियमित उड़ान संचालित होंगी। इससे हिमाचल प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा। 15 जून से शुरू हुए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अपने उड़ान नेटवर्क का विस्तार किया है, जिसमें कांगड़ा एयरपोर्ट को भी शामिल किया गया है।
ऐसे कर सकते हैं टिकट बुक
पहले गगल एयरपोर्ट से इंडिगो की नियमित उड़ानें केवल दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए थीं, लेकिन अब नोएडा के लिए भी सीधी सेवा उपलब्ध हो गई है। यात्री इंडिगो की वेबसाइट पर आगामी दिनों के लिए टिकट बुक कर सकते हैं।