चंडीगढ़ से हिमाचल का हवाई सफर हुआ सस्ता, पर्यटकों के लिए मानसून ऑफर; हेलीकॉप्टर किराये में 3000 रुपये की कटौती
बरसात में भूस्खलन के कारण सड़क बाधित होने की समस्या को देखते हुए चंडीगढ़-कुल्लू हेलीकॉप्टर सेवा का किराया 3000 रुपये कम कर दिया गया है। ...और पढ़ें

चंडीगढ़ से कुल्लू का हेलीकॉप्टर किराया कम हुआ है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
चंडीगढ़-कुल्लू हेलीकॉप्टर सेवा के किराए में 3000 रुपये की कटौती।
मानसून स्पेशल ऑफर के तहत अब किराया 5500 रुपये प्रति सीट।
भूस्खलन से बाधित सड़कों के लिए पर्यटकों को मिला बेहतर विकल्प।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। बरसात में भूस्खलन से बार-बार सड़कें बाधित होने के बीच चंडीगढ़-कुल्लू हेलीकाप्टर सेवा यात्रियों के लिए और किफायती हो गई है। सेवा संचालित करने वाली हेरिटेज एविएशन ने मानसून स्पेशल आफर के तहत किराये में 3,000 रुपये की कटौती की है। अब यात्रियों को प्रति सीट 8500 रुपये के बजाय 5500 रुपये ही चुकाने होंगे।
ये है शेड्यूल
चंडीगढ़-मंडी-कुल्लू मार्ग पर संचालित हेलीकाप्टर दिन में 10 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरकर 10:30 बजे मंडी के कांगणीधार हेलीपोर्ट पहुंचता है और पांच मिनट बाद रवाना होकर 10:45 बजे कुल्लू पहुंच जाता है। इस तरह चंडीगढ़ से कुल्लू का सफर मात्र 45 मिनट में पूरा हो रहा है। वापसी में हेलीकाप्टर सुबह नौ बजे कुल्लू से उड़ान भरकर 9:45 बजे चंडीगढ़ पहुंचता है।
चंडीगढ़-मंडी-कुल्लू के लिए सेवा
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने छह जुलाई को चंडीगढ़-मंडी-कुल्लू हेलीकाप्टर सेवा की शुरुआत की थी। छह सीटों वाली इस सेवा के प्रति पर्यटक उत्साह दिखा रहे हैं।
पर्यटकों के लिए बेहतर विकल्प
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि मानसून के दौरान सड़क प्रभावित होने की स्थिति में यह सेवा कुल्लू-मनाली आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर विकल्प साबित होगी और पर्यटन उद्योग को भी नई गति मिलेगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
हेरिटेज एविएशन भुंतर के प्रभारी कुंतल ठाकुर ने बताया कि मानसून स्पेशल आफर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित और किफायती हवाई यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि किराए में कटौती का लाभ पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय यात्रियों को भी मिलेगा।