मनाली का 15 KM एरिया बना टूरिस्ट के लिए Snow प्वाइंट, यहां 5 फीट बर्फ में मिलेगा एडवेंचर; इन नियमों का जरूर करें पालन
Manali Snow Points, मनाली में भारी हिमपात के बाद व्यवस्थाएं सामान्य हो गई हैं, पर्यटक आसानी से पहुंच रहे हैं। रांगड़ी से सोलंगनाला तक 15 किमी क्षेत्र ...और पढ़ें
HighLights
मनाली में भारी हिमपात के बाद व्यवस्थाएं सामान्य हुईं।
रांगड़ी से सोलंगनाला तक 15 किमी क्षेत्र स्नो प्वाइंट।
पर्यटकों को 4x4 वाहन और गर्म कपड़े रखने की सलाह।
जसवंत ठाकुर, मनाली। पर्यटन नगरी मनाली में भारी हिमपात से अस्त व्यस्त हुई व्यवस्था फिर से पटरी ओर लौट आई है। मनाली में हालात सामान्य हो गए हैं और पर्यटक आसानी से मनाली पहुंचने लगे हैं। पहले की अपेक्षा इस बार प्रशासनिक अमले में पूरी रणनीति से सड़क बहाली का कार्य शुरू किया और सबसे पहले मनाली को कुल्लू से जोड़ा। इससे मनाली आने व जाने वालों को दिक्कत नहीं हुई।
हालांकि अभी सड़कें फिसलन भरी होने के कारण दिल्ली से आ रही लग्जरी बसें 16 किमी पहले पतलीकूहल तक ही आ रही हैं, लेकिन जल्द ही ये बसें भी मनाली पहुंच जाएंगी।
मनाली से पहले ही बर्फ के दीदार
शहर से तीन किलोमीटर पहले ही रांगड़ी में बर्फ के ढेर लगे हैं। रांगड़ी से सोलंगनाला तक 15 किमी का क्षेत्र इन दिनों सैलानियों का स्नो प्वाइंट बन गया है।

अटल टनल में बर्फ के ढेर
बीआरओ ने केलंग को मनाली से जोड़ दिया है। हालांकि अभी आपातकालीन स्थिति में ही वाहन निकाले जा रहे हैं लेकिन जल्द ही लाहुल घाटी फिर से सैलानियों से चहक उठेगी। हालांकि लाहुल के पर्यटन स्थल सिस्सु व कोकसर देव आदेश के चलते फरवरी के अंतिम सप्ताह तक बंद रहेंगे, लेकिन पर्यटक अटल टनल में ही बर्फ के मजे ले सकते हैं।
यहां पांच फीट बर्फ के ढेर
मनाली का मशहूर पर्यटन स्थल अटल टनल व सोलंगनाला पांच फीट बर्फ की मोटी परत से ढके हुए हैं। सोलंग नाला में फोर बाई फोर वाहनों में पर्यटक पहुंचना शुरू हो गए हैं। वीरवार को भारी संख्या में पर्यटक सोलंगनाला पहुंचे और बर्फ के बीच खूब अठखेलियां की।

एडवेंचर गेम्स का लुत्फ
सोलंगनाला में पर्यटक स्नो स्कीइंग, स्नो स्लेज, स्नो स्कूटर, स्नो ट्यूब, माउंटेन बाइक, पैराग्लाइडिंग और घुड़सवारी जैसी साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे है। सोलंगनाला के समीप अजनी महादेव शिवलिंग अभी पर्यटकों के लिए बंद है लेकिन कुछ दिनों बाद पर्यटक यहां भी दस्तक देंगे।
खबरें और भी
मनाली आ रहे हैं तो इन बातों का रखें ध्यान
अगर अपने वाहन में मनाली आ रहे हैं तो अपना वाहन होटल में खड़ा कर दें। मनाली में फोर बाई फोर वाहन किराये पर लें और पर्यटन स्थलों में घूमने का आनंद उठाएं। वाहन किराये में लेने से एक तो आपको पार्किंग का झंझट नहीं होगा, दूसरा आप पर्यटन स्थलों में सुरक्षित घूम फिर सकेंगे। अगर खुद का वाहन फोर बाई फोर है, तब भी वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं।
किराये में मिलने वाले कोट बूट जरूर ले लें, ताकि अचानक होने वाली बर्फबारी के दौरान आप ठंड से बच सकें। मौसम देखकर ही होटल से बाहर निकलें, अन्यथा खराब मौसम की स्थिति में होटलों के प्रांगण में लगे बर्फ के ढेर में ही खेलने का आनंद लें।
बर्फबारी के दौरान परिवार के साथ सफर कर रहे हैं तो खाने पीने का सामान व गर्म कंबल और कपड़े गाड़ी में ही रखें। भारी हिमपात के बाद ट्रैफिक बंद होना स्वाभाविक है। ऐसे हालात से निपटने को हमेशा तैयार रहें। ऐसे हालात में घबराएं नहीं बल्कि हिम्मत से सामना करें।
मनाली के निकटवर्ती पर्यटन स्थलों में घूमने का उठाएं आनंद
मनाली पहुंचने के बाद मौसम के हिसाब से अपना कार्यक्रम तय करें। मनाली में एक किमी दूर माता हिडिंबा मंदिर व इतना ही दूर सृष्टि के रचयिता भगवान मनु महाराज का मंदिर है। तीन किमी दूर वशिष्ठ में भगवान वशिष्ठ ऋषि का मंदिर है। चार किमी दूर तीन फीट बर्फ से ढका बाहंग व नेहरूकुंड पर्यटन स्थल है। मनाली से 12 किमी दूर मशहूर पर्यटन स्थल सोलंगनाला, 15 किमी दूर अंजनी महादेव व 20 किमी दूर धुंधी व अटल टनल रोहतांग है। मनाली से 14 किमी दूर पर्यटन स्थल कोठी है, जहां पांच फीट बर्फ की मोटी परत बिछी हुई है। मनाली से 20 किमी दूर हामटा पर्यटन स्थल है, जो अभी बंद है लेकिन जल्द ही बहाल होने वाला है। यहां भी पांच फीट बर्फ के ढेर लगे हैं।
स्कीइंग के शौकीन पर्यटकों के लिए सोलंगनाला सबसे अच्छी जगह
अगर आप स्कीइंग के शौकीन है और स्की का आनंद लेना चाहते है तो सोलंगनाला की राष्ट्र स्तरीय स्कीइंग ढलाने पांच फीट बर्फ की मोटी चादर से ढकी हुई है। यहां आप स्की किराए में लेकर स्कीइंग के मजे के सकते है।
क्या कहते हैं एसडीएम मनाली
कुल्लू मनाली नेशनल हाईवे बहाल कर दिया गया है। पर्यटक वाहन आसानी से मनाली पहुंच रहे हैं। लग्जरी बसें भी जल्द मनाली पहुंचेंगी। मनाली के सभी निकटवर्ती पर्यटन स्थल बर्फ से ढके हुए हैं। अधिक दूर जाने की जरूरत नहीं है। रांगड़ी से सोलंगनाला तक 15 किमी के क्षेत्र में बर्फ का आनंद लें। नेहरूकुंड से आगे सोलंगनाला के लिए फोर बाई फोर वाहन में ही सफर करें।