कर्नाटक के शाश्वत ने जीती 39 KM हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग, मनाली के पहाड़ों पर दौड़कर दिखाया दम
कर्नाटक के शाश्वत राव ने 39 किमी हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 जीत लिया, 14190 फीट ऊंचे हामटा पास को पार किया। महिलाओं में मनाली की नताशा म ...और पढ़ें

हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट में दौड़ लगाते प्रतिभागी। जागरण
HighLights
कर्नाटक के शाश्वत राव ने 39 किमी दौड़ जीती।
मनाली की नताशा महर महिला वर्ग में विजेता बनीं।
प्रतियोगिता को इंटरनेशनल ट्रेल रनिंग एसोसिएशन से मान्यता मिली।
जागरण संवाददाता, मनाली। कर्नाटक के शाश्वत राव ने 39 किलोमीटर हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 जीत ली है। वह 14190 फीट ऊंचे हामटा पास को पार कर पांच घंटे 10 मिनट में छत्तड़ू से मनाली पहुंचे। पार्थ जोशी 7 घंटे 22 मिनट का समय लेकर दूसरे, जबकि गुजरात के निशाद 9 घंटे 23 मिनट लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
महिलाओं में मनाली की नताशा महर ने बाजी मारी। इस प्रतियोगिता में वह इकलौती प्रतिभागी थी। उन्होंने सात घंटे 42 मिनट का समय लिया। नताशा आल ओवर तीसरे स्थान पर रहीं।
दिल्ली के सचिन व मनाली के सुमित प्रथम
18 किमी लंबी छीका जोबड़ी दौड़ में दिल्ली के सचिन शर्मा व मनाली के सुमित मालिक पहले स्थान पर रहे। उन्होंने दो घंटे 48 मिनट का समय लिया। तनवेश सिंह ने तीन घंटे 28 मिनट का समय लेकर दूसरा व मनाली के नग्गर निवासी वैभव पुरोहित ने तीन घंटे 34 मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
लड़कियों के वर्ग में शिवी ने तीन घंटे 34 मिनट का समय लेकर पहला, सीमा ने चार घंटे 45 मिनट न समय लेकर दूसरा व आर्या ने पांच घंटे चार मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
वर्टिकल दौड़ में सुमित प्रथम रहे
पांच किमी वर्टिकल दौड़ में सुमित ने एक घंटा एक मिनट का समय लेकर पहला, पार्थ जोशी ने एक घंटा दो मिनट का समय लेकर दूसरा व निशाद ने एक घंटा दो मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
एसडीएम ने सम्मानित किए विजेता
एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने 39 किमी हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 का आयोजन करने के लिए हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन को बधाई दी।
हिमालयन एक्सट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के आयोजक प्रवीण सूद पिंटू ने बताया कि इस इवेंट को हिमाचल टूरिज्म, कुल्लू ज़िला प्रशासन और अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ़ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोर्ट्स का पूरा सहयोग मिला।
खबरें और भी
बेहतरीन 35 प्रो एथलीट शामिल हुए
जोखिम भरे इलाकों में एथलीटों की सुरक्षा पक्की करने के लिए, इस फेस्टिवल में वर्ल्ड-क्लास सुरक्षा प्रोटोकॉल अपनाए गए। इमरजेंसी मेडिकल मदद 'रैपिड टैक्टिकल' ने दी, जबकि एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन मनाली की खास माउंटेन सर्च और रेस्क्यू टीमें ऊंचाई वाले अहम और मुश्किल रास्तों पर तैनात थीं। इस बड़े इवेंट में देश भर के 35 बेहतरीन प्रो एथलीट शामिल हुए।
एथलीट को मिले इंटरनेशनल रैंकिंग प्वाइंट्स
खास बात यह है कि यह फेस्टिवल प्रतिष्ठित 'इंडियन नेशनल लीग सर्किट' का आधिकारिक हिस्सा रहा और इसे 'इंटरनेशनल ट्रेल रनिंग एसोसिएशन' से पूरी मान्यता मिली हुई है, इसमें हिस्सा लेने वाले एथलीटों को इंटरनेशनल रैंकिंग प्वाइंट्स मिले।