Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Snowfall: रोहतांग सहित मनाली की पहाड़ियों में हिमपात, बर्फ की चाह में लाहुल पहुंचे सैलानी; पुलिस ने जारी की एडवायजरी

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 18 Jan 2026 12:08 PM (IST)

    Himachal Pradesh Snowfall, पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश में रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी है। 22 जनवरी से पूरे प्रदेश में बारिश-बर ...और पढ़ें

    मनाली की पहाड़ियों और लाहुल घाटी में हो रही बर्फबारी। जागरण

    मनाली की पहाड़ियों और लाहुल घाटी में हो रही बर्फबारी। जागरण

    HighLights

    1. रोहतांग सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी, पर्यटक उत्साहित।

    2. 22 जनवरी से पूरे हिमाचल में बारिश-बर्फबारी की संभावना।

    3. बर्फबारी के लिए मनाली-लाहुल में पर्यटकों की भारी भीड़।

    जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर तेज हो गया है। रोहतांग, शिंकुला बारालाचा व कुंजुम दर्रे सहित चंद्रताल झील में हिमपात का क्रम जारी है। ऊंची चोटियों में हालांकि गत तीन दिनों से हिमपात हो रहा है लेकिन निचले क्षेत्र में अभी भी इंतजार है। 22 जनवरी से प्रदेशभर में बारिश व बर्फबारी की संभावना बन रही है।

    पर्यटन कारोबारियों सहित किसान बागवानों के खेत खलियानों की अभी प्यास नहीं बुझी है। हालांकि लाहुल स्पीति सहित मनाली घाटी में बादल छाए हुए हैं जिससे हिमपात की उम्मीद बंधी हुई है। हिमपात की उम्मीद लिए पर्यटक भारी संख्या में कुल्लू मनाली का रुख कर रहे हैं। प्रदेश में सबसे अधिक पर्यटकों की संख्या मनाली में दर्ज की जा रही है।

    बर्फबारी की उम्मीद में अटल टनल की ओर बढ़े पर्यटक

    पर्यटक सुबह ही बर्फ के फाहों की उम्मीद लिए अटल टनल, सिस्सु व दारचा की ओर रवाना हो गए हैं। शिंकुला दर्रा आज भी पर्यटकों के लिए बंद है। हालात के हिसाब से लाहुल स्पीति पुलिस पर्यटकों को फोर बाई फोर वाहनों में जांस्कर समदो मैदान में बीआरओ के ट्रांजिट कैंप तक भेज रही है। 

    वीकेंड पर बढ़ी पर्यटकों की तादाद

    सप्ताहांत के चलते पर्यटन नगरी मनाली के होटलों में आक्यूपेंसी 60 से 65 प्रतिशत के बीच चल रही है। होटल कारोबारी किशन राणा, विम्पी बक्शी, विनीत मेंहदी रता व इंद्र ठाकुर ने बताया कि सप्ताहांत में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। उन्होंने बताया कि हिमपात की उम्मीद लिए पर्यटक मनाली आ रहे है।

    मनाली में बर्फबारी की उम्मीद

    होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि घाटी में बादल छाए हुए हैं। हिमपात की उम्मीद बढ़ी है। हिमपात होने की सूरत में पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।

    लाहुल-स्पीति पुलिस ने जारी की एडवायजरी

    लाहुल स्पीति पुलिस ने पर्यटकों और यात्रियों को समय-समय पर जारी मौसम और यातायात संबंधी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने की सलाह दी है। निर्धारित स्थानों से आगे जाना मना है। सभी आगंतुकों को सलाह के अनुसार समय पर लौटना होगा। असुरक्षित और संवेदनशील स्थानों पर वाहन न रोकें। नदी तटों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास जाने से पूरी तरह बचें। 

    पहाड़ी सड़कों पर सावधानी से गाड़ी चलाएं और लापरवाही या खतरनाक ड्राइविंग से बचें। लाहुल-स्पीति पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। सलाह का उल्लंघन करने पर कानून के अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा और सुचारू यातायात संचालन के लिए जनता का सहयोग आवश्यक है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें: Snowfall In Himachal: लाहुल में बर्फबारी से शिंकुला दर्रा बंद, मनाली के पास टूरिस्ट के लिए बने नए स्नो प्वाइंट