हिमाचल पंचायत चुनाव: सगनेहड़ में बराबरी पर रुक गया उपप्रधान पद का मुकाबला, आधी रात टॉस से हुआ फैसला
मंडी जिले की सगनेहड़ पंचायत में उपप्रधान पद का फैसला वोटों की बराबरी के बाद आधी रात को टॉस से ...और पढ़ें

सगनेहड़ पंचायत में टॉस के बाद उपप्रधान चुनाव जीते दीप चंद और प्रधान अनीता।
HighLights
सगनेहड़ उपप्रधान पद पर वोटों की बराबरी के बाद टॉस।
आधी रात टॉस से दीपचंद ने उपप्रधान पद जीता।
अनीता कुमारी ने दूसरी बार प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर (मंडी)। लोकतंत्र के उत्सव में हार-जीत के कई रंग देखने को मिलते हैं, लेकिन मंडी जिले के चौंतड़ा विकास खंड की सगनेहड़ पंचायत में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया। यहां पंचायत चुनाव के पहले चरण की मतगणना के दौरान उपप्रधान पद का फैसला किसी चुनावी गणित से नहीं, बल्कि किस्मत के सिक्के (टॉस) से हुआ। आधी रात के सन्नाटे में जब पर्ची खुली, तो दीपचंद की किस्मत चमक गई।
बराबरी पर रुक गया मुकाबला
पंचायत में उपप्रधान पद के लिए पांच सूरमा मैदान में थे, लेकिन असली मुकाबला कुश राठौर और दीपचंद के बीच थमा। रात दो बजे तक सांसें रोक देने वाली मतगणना के बाद जब अंतिम आंकड़े आए, तो दोनों ही प्रत्याशी 490-490 वोटों पर आकर टिक गए। मुकाबला टाई होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने नियमों के तहत दोनों पक्षों की मौजूदगी में पर्ची प्रणाली (टॉस) का सहारा लिया, जिसमें दीपचंद बाजी मार ले गए।
अनीता कुमारी ने फिर रचा इतिहास, 304 वोटों से जीतीं
दूसरी ओर, प्रधान पद के मुकाबले में कांग्रेस समर्थित अनीता कुमारी ने एकतरफा जीत दर्ज कर दूसरी बार प्रधानी की कुर्सी पर कब्जा जमाया। छह महिला प्रत्याशियों के बीच हुए इस मुकाबले में अनीता कुमारी को 564 वोट मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अनीता को 260 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
अनीता कुमारी ने 304 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। अन्य प्रत्याशियों में रतो को 209, सरिता को 205, प्रियंका को 173 और सरोज को 149 मत मिले। अनीता कुमारी इससे पहले 2010 से 2015 तक भी पंचायत की कमान संभाल चुकी हैं। उनके पति अधिवक्ता इंद्र सिंह धीमान वर्तमान में जोगेंद्रनगर ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। इस धमाकेदार जीत के बाद समर्थकों ने देर रात ही जश्न मनाना शुरू कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।