मंडी में चोरों की दहशत: पंचायत उपप्रधान के घर से दो वाहन चुरा ले गए शातिर; पुलिस पर उठ रहे सवाल
मंडी के पंडोह बाजार से पंचायत उपप्रधान रोहित कुमार के घर से दो स्कूटर चोरी हो गए, जिससे क्षेत्र में चोरियों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ...और पढ़ें

पंडाेह बाजार में पंचायत उपप्रधान के घर से दो वाहन चोरी हो गए। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
पंडोह में पंचायत उपप्रधान के घर से दो स्कूटर चोरी।
एक स्कूटी सुंदरनगर में लावारिस मिली, दूसरी की तलाश जारी।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरियों से लोगों में रोष।
विशाल वर्मा, पंडोह (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के पंडोह क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लगातार हो रही चोरियों ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है, जबकि चोरों के हौसले दिन-प्रतिदिन बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला बुधवार रात का है, जब पंडोह बाजार से दो स्कूटियां चोरी हो गईं। चोरों ने इस बार पंडोह पंचायत के उपप्रधान रोहित कुमार और उनके भाई जितेंद्र कुमार को निशाना बनाया है।
उपप्रधान रोहित कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों ने अपनी स्कूटी एचपी 65 ए 0290 और एचपी 33 एफ 8327 रात को घर के बाहर खड़ी की थीं। सुबह जब बाहर आकर देखा तो दोनों स्कूटियां गायब थीं। इसके बाद उन्होंने तुरंत सदर थाना मंडी में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई।
एक वाहन सुंदरनगर में बरामद
इसी बीच जितेंद्र कुमार को सुंदरनगर थाना से फोन आया कि उनकी स्कूटी सुंदरनगर में सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई है। फिलहाल दूसरी स्कूटी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आखिर कौन हैं चोर
लोग चिंतित हैं कि आखिर चोर कौन हैं? पंडोह को ही बार-बार निशाना क्यों बनाया जा रहा है? स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय में पंडोह में हुई अधिकांश चोरी की घटनाओं में चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे हैं। यही वजह है कि अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए, ताकि क्षेत्र में लोगों का सुरक्षा पर भरोसा कायम रह सके।