हिमाचल में सड़क धंसने से 30 यात्रियों को लेकर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, तीन महिलाओं की हालत गंभीर
हिमाचल के मंडी जिले के सुंदरनगर में सड़क धंसने से एक बस पलट गई, जिसमें 30 से अधिक यात्रियों में से 16 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ...और पढ़ें
HighLights
सुंदरनगर में सड़क धंसने से बस दुर्घटनाग्रस्त हुई।
हादसे में 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों को सुंदरनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण टीम, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र में हुआ है। प्रियंका बस बिलासपुर से सुंदरनगर जा रही थी। इस दौरान भवाणा पुल से लगभग 200 मीटर पीछे सड़क धंसने से बस पलट गई। हादसे के दौरान चीख पुकार मच गई। सवारियां बुरी तरह से दब गई थीं, जिन्हें मुश्किल से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।
बिलासपुर-मंडी मार्ग पर सुंदरनगर उपमंडल के भवाणा में यह हादसा हुआ है। बस में 30 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें से 16 को गंभीर चोटें आई हैं।

सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाए घायल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे व राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुंदरनगर ले जाया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

विधायक व प्रशासन पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राकेश जम्वाल और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना।
प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को सभी घायलों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ितों को हरसंभव सहायता और राहत राशि सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।
आशंका जताई जा रही है कि बस हादसे का असल कारण सड़क धंसना ही रहा है। ड्राइवर ने जैसे ही मोड़ काटा, सड़क का हिस्सा धंसने से गाड़ी पलटकर रोड से नीचे जा पहुंची।
घायलों की जानकारी
हादसे में गंभीर घायल हुई महिलाओं में आशा देवी पत्नी कर्म सिंह, निवासी लोहारड़ी, बल्ह), चिंता देवी निवासी लोट गोहर और देवकु देवी पत्नी गोवर्धन, निवासी देहवी, सुंदरनगर शामिल हैं। इसके अलावा कांतो देवी पुत्री मंगत राम, निवासी देहवी, मनभरू देवी पत्नी बसाखू राम, निवासी देहवी, जया पत्नी अशोक कुमार, निवासी सलापड़, बबिता यादव पुत्री कर्म सिंह, निवासी लोहारड़ी, रोडी देवी पत्नी कृष्णु, निवासी सलापड़, रचना देवी पत्नी हंसराज, निवासी सलापड़, रक्षा देवी पत्नी सुनील कुमार, निवासी सलापड़, सुरेंद्रा पत्नी बालकृष्ण, निवासी सलापड़, मुस्कान पत्नी नरेश कुमार, निवासी सलापड़, रेखा देवी पत्नी स्वर्गीय मस्तराम, निवासी सलापड़, माया देवी पत्नी हरि सिंह, निवासी सलापड़, चालक चमनलाल पुत्र चुहड़ू राम निवासी खियूरी, बल्ह और बस परिचालक हमेंद्र कुमार शामिल हैं।