Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'आपको भगवान शिव का श्राप लगेगा' विधानसभा में सुक्खू और जयराम में तीखी नोकझोंक, ...शांत होने पर CM पहुंचे मिलने

    By Parkash Bhardwaj Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Wed, 18 Mar 2026 05:44 PM (IST)

    हिमाचल विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के बीच तीखी बहस हुई। शिवधाम परियोजना और पूर्व सरकार द्व ...और पढ़ें

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री सुक्खू और जयराम ठाकुर में तीखी बहस हुई।

    2. शिवधाम परियोजना और बजट आवंटन पर आरोप-प्रत्यारोप लगे।

    3. खाली भवनों के उपयोग और शिक्षा सुधार पर चर्चा हुई।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन सदन में सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने आ गए। ये स्थिति उस समय बनी, जब राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा शुरू करते हुए कांग्रेस विधायक सुरेश कुमार ने जयराम ठाकुर पर नीखे प्रहार किए। हालांकि माहौल पूरी तरह गरम नहीं हुआ, लेकिन दोनों नेताओं के बीच जमकर वार-पलटवार हुआ।

    ‘शिवधाम’ प्रोजेक्ट के लिए बजट दे रहे

    मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘शिवधाम’ को उनकी सरकार पूरा करवा रही है। उन्होंने कहा कि हम सृष्टि के रचयिता भगवान शिव के धाम के निर्माण के लिए पूरा बजट दे रहे हैं और उनका आशीर्वाद भी हमारे साथ है। सुक्खू ने यह भी कहा कि जनता का भरोसा ही है कि सरकार 40 विधायकों के साथ मजबूती से कायम है।

    शिव भगवान का श्राप लगेगा

    जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिव धाम के लिए 200 करोड़ का बजट रखा था, सत्ता परिवर्तन होने पर कांग्रेस सरकार ने 15 करोड़ ही दिए हैं। ऐसे में सरकार को शिव भगवान का श्राप लगेगा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल से एक हजार करोड़ के भवन बनाने का यही बाजा, यही ठोल बजाते रहे हैं और आगे भी बजाते रहोगे क्या।

    ठेकेदार मित्रों को लाभ पहुंचाया

    सदन में मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब एक हजार करोड़ रुपये के भवन सिर्फ ठेकेदार मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाए गए, जो आज खाली पड़े हैं। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत बने भवनों और आईटीआई छत्तरी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बड़ी इमारत बनी, लेकिन आज मात्र 32 विद्यार्थी हैं।

    खबरें और भी

    सरकाघाट में खाली पड़े भवन में मेडिकल यूनिवर्सिटी शिफ्ट होगी

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब ऐसे खाली पड़े भवनों का बेहतर उपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकाघाट में खाली भवन में अटल चिकित्सा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय को शिफ्ट किया जाएगा, जिसकी घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसके अलावा हार्टीकल्चर कालेज को भी स्थानांतरित कर भवनों का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। 

    सुक्खू ने दावा किया कि उनकी सरकार जनता के पैसे का सही इस्तेमाल कर रही है, जबकि पूर्व सरकार ने दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि हमारी सोच प्रदेशहित की है, जबकि पहले ठेकेदार हित प्राथमिकता में थे।

    शिक्षा क्षेत्र का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने का वादा अब पूरा किया जा रहा है। प्रदेश में करीब 150 नए सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।

    जयराम के तीखे हस्तक्षेप पर सीएम की शांत रहने की सलाह

    इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के तीखे हस्तक्षेप पर मुख्यमंत्री ने उन्हें शांत रहने की सलाह दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के भीतर पांच गुट बन चुके हैं, जिससे विपक्ष के नेता दबाव में हैं। मुख्यमंत्री की सलाह थी कि पहले अपनी पार्टी की अंदरूनी लड़ाई संभालें, फिर सरकार पर टिप्पणी करें।

    ...और सीएम पहुंच गए मिलने 

    इस बीच सदन की कार्यवाही दोपहर के भोजन के लिए स्थगित होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री सुक्खू विपक्ष की ओर गए और जयराम ठाकुर, विपिन सिंह परमार से बात करते नजर आए।

     

    यह भी पढ़ें: विपक्ष का CM सुक्खू के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस, सदन और सार्वजनिक मंच पर झूठ बोलने का आरोप

    यह भी पढ़ें: 'रिश्वत लेते पकड़े तहसीलदार को दे दी एक्सटेंशन', विधानसभा में सत्ती ने उठाया प्रश्न, सुक्खू बोले- सेवाएं खत्म होंगी