हिमाचल प्रदेश में ट्रांसफर को लेकर चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन जारी, कर्मचारियों के फाइल भेजने पर रोक
हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने तबादलों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। आयोग ने 31 मई तक कर्मचारियों के तबादलों संबंधी फाइलें न भेजने का निर्देश ...और पढ़ें

हिमाचल राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची। जागरण आर्काइव
HighLights
चुनाव आयोग ने तबादलों पर लगाई रोक।
31 मई तक फाइलें न भेजने का निर्देश।
स्थानीय निकाय चुनाव प्रक्रिया में व्यस्तता मुख्य कारण।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकायों की चुनावी प्रक्रिया के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने ट्रांसफर यानी तबादलों को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। आयोग ने सभी सरकारी विभागों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि 31 मई तक कर्मचारियों के तबादलों संबंधी फाइलें आयोग को न भेजी जाएं। आयोग का कहना है कि लगातार बड़ी संख्या में तबादलों से संबंधित मामलों की फाइलें भेजे जाने से चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अत्यावश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
वर्तमान में आयोग पूरी तरह पंचायत और नगर निकायों के चुनाव से जुड़े कार्यों में व्यस्त है। ऐसे में विभिन्न विभागों द्वारा भेजी जा रही तबादला फाइलों के कारण प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है और चुनावी तैयारियों की गति प्रभावित हो रही है।
आयोग ने इन्हें जारी किए निर्देश
आयोग ने सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों तथा सरकारी उपक्रमों को निर्देश दिए हैं कि केवल अत्यंत अपरिहार्य और चुनाव कार्य से सीधे जुड़े मामलों को छोड़कर किसी भी प्रकार की तबादला फाइल आयोग को स्वीकृति के लिए न भेजी जाए।
चुनाव के मद्देनजर अहम कदम
सूत्रों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में कई विभागों ने बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों के तबादलों के प्रस्ताव आयोग को भेजे थे। इन प्रस्तावों की जांच और अनुमोदन की प्रक्रिया में आयोग के अधिकारियों का काफी समय लग रहा था। आयोग के इस कदम को चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया के पूरा होने तक तबादलों से संबंधित फाइलों को न भेजें। इस दिनों सभी कर्मचारी चुनावी कार्यों में व्यस्त हैं।
-सुरजीत सिंह, सचिव राज्य निर्वाचन आयोग।
यह भी पढ़ें: हिमाचल निकाय चुनाव: महिला प्रत्याशी को मतदान से पहले ही मिल गई अध्यक्ष की कुर्सी, बंजार में निर्विरोध चयन
यह भी पढ़ें: हिमाचल नगर निगम चुनाव: पालमपुर में कांग्रेस के कवरिंग कैंडीडेट भाजपा में शामिल, दल-बदल की राजनीति तेज