चंडीगढ़ से हिमाचल का सफर अब मिनटों में, 3500 रुपये में कर सकेंगे यात्रा; हेली टैक्सी का शेड्यूल व किराया सब तय
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला से कुल्लू-मंडी-चंडीगढ़ के बीच दैनिक हेलीकॉप्टर सेवाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश से चंडीगढ़ के लिए हेली टैक्सी सेवा आरंभ की गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुल्लू-मंडी-चंडीगढ़ हेलीकॉप्टर सेवा का उद्घाटन किया।
यह सेवा पर्यटन बढ़ाएगी, यात्रा समय घटाएगी, रोजगार सृजित करेगी।
मंडी-चंडीगढ़ रूट पर 3500 रुपये किराया, आरसीएस-उड़ान के तहत।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को एक नई उड़ान मिली है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओकओवर से कुल्लू-मंडी-चंडीगढ़ के बीच दैनिक हेलीकाप्टर सेवाओं का वर्चुअल उद्घाटन किया है। उन्होंने मंडी और कुल्लू के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इन सेवाओं से न केवल यात्रा के समय में भारी कमी आएगी, बल्कि राज्य में हाई-एंड (उच्च श्रेणी) पर्यटकों का आगमन बढ़ेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में भी यह मील का पत्थर साबित होगा।
हेलीपोर्ट से जोड़े जा रहे प्रमुख स्थल
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के विजन को साझा करते हुए बताया कि हर जिला मुख्यालय और प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेलीपोर्ट से जोड़ा जा रहा है। जिसके तहत हमीरपुर के जसकोट, कांगड़ा के रक्कड़ व पालमपुर और चंबा हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। ऊना में हेलीपोर्ट के लिए बजट आवंटित हो चुका है, जबकि नाहन और सोलन में भी निर्माण पर विचार चल रहा है। लाहुल-स्पीति के रंगरीक में भारतीय सेना के सहयोग से हेलीपोर्ट का विकास किया जा रहा है।
यह पहल राज्य में पर्यटन, आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय परिवहन के लिहाज से एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
दो योजनाओं में संचालित होगी हवाई सेवा
यह हवाई सेवा दो अलग-अलग योजनाओं के तहत संचालित की जा रही है। मंडी-चंडीगढ़ सेक्टर के तहत यह भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस-उड़ान) के तहत संचालित होगी और 3500 रुपये किराया रहेगा। कुल्लू-मंडी-चंडीगढ़ सेक्टर के लिए यह गैर-आरसीएस (बाजार आधारित) मॉडल पर 8500 रुपये शुल्क दर पर चलेगी। इसका संचालन हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
ये रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के साथ नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान और पर्यटन निदेशक विवेक भाटिया मौजूद रहे। वहीं, वर्चुअल माध्यम से मंडी से उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर और पवन ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे।
खबरें और भी
ये रहेगा शेड्यूल
- रूट, प्रस्थान, आगमन
- कुल्लू से मंडी, सुबह 9 बजे, सुबह 9.10 बजे
- मंडी से चंडीगढ़, सुबह 9.15 बजे, सुबह 9.45 बजे
- चंडीगढ़ से मंडी (वापसी), सुबह 10 बजे, सुबह 10.30 बजे
- मंडी से कुल्लू (वापसी), सुबह 10.35 बजे, सुबह 10.45 बजे
यह भी पढ़ें: हिमाचल में सुक्खू सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 32 IAS और HAS अधिकारी बदले; सुदेश मोख्टा को 6 महीने बाद पदभार