Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'हिमाचल पंचायत चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास', भाजपा ने निर्वाचन आयोग से की दो अफसरों की शिकायत

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 10 May 2026 02:07 PM (IST)

    भाजपा ने हिमाचल पंचायत चुनावों को प्रभावित करने के आरोप में राज्य चुनाव आयोग से दो अधिकारियों, जेई शमशेर प्रकाश और बीडीओ परमजीत ठाकुर, की शिकायत की है ...और पढ़ें

    हिमाचल राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची। जागरण आर्काइव

    हिमाचल राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. भाजपा ने दो अधिकारियों की चुनाव आयोग से शिकायत की।

    2. जेई शमशेर प्रकाश व बीडीओ परमजीत ठाकुर पर आरोप।

    3. पंचायत चुनाव प्रभावित करने का प्रयास, तत्काल तबादले की मांग।

    जागरण संवाददाता, शिमला। भाजपा ने राज्य चुनाव आयोग से दो अधिकारियों की शिकायत की है। विकास खंड पांवटा साहिब में कार्यरत जेई शमशेर प्रकाश व नाहन के कार्यकारी खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) परमजीत ठाकुर का तत्काल तबादला करने की मांग उठाई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर ने राज्य चुनाव आयुक्त को भेजे शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

    जेई की पत्नी लड़ रहीं चुनाव, मिलीभगत का आरोप

    उन्होंने पत्र में लिखा है कि पांवटा साहिब की रामपुर भारापुर पंचायत से किरण बाला प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं। वह जूनियर इंजीनियर शमशेर प्रकाश की पत्नी हैं। आरोप लगाया कि शमशेर प्रकाश खंड विकास अधिकारी के साथ मिलीभगत कर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से पसंद के सरकारी अधिकारियों की तैनाती करवाने का प्रयास कर रहे हैं।

    प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग

    ऐसी गतिविधियां पंचायत चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। साथ ही प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करती हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग लगातार बढ़ रहा है और पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

    भाजपा समर्थित लोगों के साथ भेदभाव

    प्रमोद ठाकुर ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि परमजीत ठाकुर स्थानीय कांग्रेस विधायक के करीबी सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं। वह पद का दुरुपयोग कर भाजपा समर्थित लोगों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। आरोप लगाया कि परमजीत राजनीतिक एजेंट की तरह कार्य कर रहे हैं और कांग्रेस से जुड़े व्यक्तियों को मनरेगा व अन्य योजनाओं में अनुचित लाभ दिला रहे हैं।

    खबरें और भी

    भाजपा ने कहा कि पहले कार्यरत सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-टू विकास बंसल का राजनीतिक दबाव में तबादला किया था, उनकी जगह परमजीत ठाकुर को कांग्रेस के एजेंडे को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तैनात किया है। 

    25 पंचायतों में बाधा डालने का आरोप

    शिकायत पत्र में कहा कि सिरमौर जिला की करीब 25 पंचायतों में भाजपा समर्थित लोगों के कार्यों में बाधा उत्पन्न की जा रही, जबकि कांग्रेस समर्थित लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।  भाजपा ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव में कार्य करेंगे तो जनता का चुनाव प्रक्रिया से विश्वास कम होगा। पार्टी लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में ट्रांसफर को लेकर चुनाव आयोग की नई गाइडलाइन जारी, कर्मचारियों के फाइल भेजने पर रोक

    यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में 6200 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया हो सकती है स्थगित, निर्वाचन आयोग ने शिक्षा विभाग को भेजा पत्र