CM सुक्खू को मानव बम से उड़ाने की धमकी, ...गणतंत्र दिवस पर शिमला में झंडा फहराया तो
CM Sukhu, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को गणतंत्र दिवस पर शिमला में झंडा फहराने पर मानव बम से हमले की धमकी मिली है। यह धमकी जिला ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को धमकी मिली है। जागरण आर्काइव
HighLights
CM सुक्खू को मानव बम हमले की धमकी मिली।
गणतंत्र दिवस पर शिमला में झंडा फहराने को लेकर।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, सुरक्षा कड़ी।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू को
गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने पर मानव बम से हमले की धमकी मिली है। जिला उपायुक्त शिमला की आधिकारिक मेल पर यह धमकी भरा ईमेल आया है। इस मेल के बाद एसपी शिमला के पत्र के आधार पर सदर थाना शिमला में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दौरान होने वाले कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पुलिस ने शुरू कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार एक अज्ञात ई-मेल आईडी से जिला उपायुक्त कार्यालय शिमला को संदेश भेजा गया है। यह मेल उपायुक्त कार्यालय शिमला की आधिकारिक मेल आईडी पर प्राप्त हुआ था, जिसे बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय शिमला के माध्यम से थाना सदर शिमला को भेजा गया।
...दहशत फैलाने के लिए धमकी
पुलिस के अनुसार ई-मेल में भेजी गई जानकारी पूरी तरह अफवाह और झूठी पाई गई है, जिसे अज्ञात व्यक्ति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जानबूझकर इस उद्देश्य से भेजा गया कि आम जनता में डर और दहशत फैलाई जा सके। इस तरह की धमकी न केवल लोगों में भय का माहौल पैदा करती है, बल्कि यह देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता के लिए भी गंभीर खतरा मानी जाती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर तकनीकी सहायता की मदद से ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और उसके लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।
पुलिस ने जारी की एडवायजरी
पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गणतंत्र दिवस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।