एलन मस्क बनकर शिमला के सेवानिवृत्त कर्मचारी से ठगे 11.87 लाख रुपये, टेस्ला कार और सोना उपहार देने का दिया झांसा
शिमला में एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से इंटरनेट मीडिया के जरिए 11.87 लाख रुपये की ठगी हुई है। ठगों ने खुद को एलन मस्क बताकर पीड़ित को टेस्ला कार और 2.3 क ...और पढ़ें

शिमला के कर्मचारी से एलन मस्क के नाम पर ठगी हुई है।
HighLights
सेवानिवृत्त कर्मचारी से एलन मस्क बनकर ठगी।
11.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।
टेस्ला कार और सोने का दिया लालच।
जागरण संवाददाता, शिमला। इंटरनेट मीडिया के जरिए शिमला के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 11.87 लाख रुपये की ठगी हुई है। सेवानिवृत्त कर्मचारी से अंतरराष्ट्रीय कारोबारी एवं टेस्ला कंपनी का सीईओ एलन मस्क बनकर ठगी की गई। ठगों ने पीड़ित को महंगे उपहार का झांसा दिया और लाखों रुपये ठग लिए।
छोटा शिमला निवासी धन सिंह 18 जुलाई 2025 को आनलाइन थ्रेड एप्लीकेशन ब्राउज कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को एलन मस्क बताते हुए आकर्षक आफर दिया।
टेस्ला कार सहित 2.3 करोड़ का सोना देने का दिया प्रलोभन
ठग ने दावा किया कि उन्हें उपहार स्वरूप नई टेस्ला कार, नकद राशि और लगभग 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना दिया जाएगा। इसके बाद पीड़ित को कथित डिलीवरी टीम के एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने को कहा।
डिलीवरी और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर ऐंठे पैसे
बातचीत के दौरान अलग-अलग बहानों से उनसे डिलीवरी शुल्क, प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर बार-बार पैसे मांगे गए। शुरुआत में छोटी राशि ट्रांसफर करवाई गई और फिर धीरे-धीरे रकम बढ़ती गई। इस तरह पीड़ित ने अलग-अलग किस्त में करीब 11.87,644 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बड़ी देर बाद हुआ ठगी का अहसास
राशि जमा करवाने के बावजूद न तो कोई उपहार मिला और न ही कोई आधिकारिक दस्तावेज। जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने इसकी शिकायत छोटा शिमला थाना में की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।