भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की 10 साल में जुटाई संपत्ति की जांच करेगी हिमाचल विजिलेंस, ASP की शिकायत पर FIR दर्ज
हिमाचल विजिलेंस ने भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर 2013 से 2023 के दौरान अर्जित संपत्तियो ...और पढ़ें

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा। जागरण आर्काइव
HighLights
भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ विजिलेंस ने दर्ज की एफआईआर।
2013 से 2023 तक अर्जित संपत्तियों की होगी गहन जांच।
सुधीर शर्मा ने कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया, सीएम पर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश विजिलेंस ने भाजपा नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दायरे में वर्ष 2013 से 2023 के दौरान अर्जित उनकी चल-अचल संपत्तियां, बैंक खाते, निवेश और आय के स्रोत भी शामिल रहेंगे। विजिलेंस इस अवधि में अर्जित संपत्तियों का आय के ज्ञात स्रोतों से मिलान करेगी।
एफआईआर दर्ज होने के बाद सुधीर शर्मा ने सरकार की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया। उन्होंने कहा कि "तीन बार मेरे घर की पैमाइश हो चुकी है। मेरे घर के दरवाजे हमेशा खुले हैं, जब चाहे आकर जांच कर लें। सब कुछ पब्लिक डोमेन में है।"
10 साल की अवधि की जांच
धर्मशाला थाना में दर्ज एफआईआर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(डी), 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर के अनुसार जांच की अवधि एक अप्रैल 2013 से 31 मार्च 2023 तक की है।
एएसपी की शिकायत पर मामला दर्ज
शिकायत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रह्मदास भाटिया की ओर से दर्ज करवाई गई है, जबकि मामले की जांच निरीक्षक नरेश कुमार को सौंपी गई है। जांच एजेंसी संबंधित विभागों से रिकॉर्ड जुटाने के साथ भूमि, भवन, बैंक खातों, निवेश और अन्य परिसंपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन करेगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुधीर बोले- भाजपा की चार्जशीट से घबरा गए हैं मुख्यमंत्री
एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधीर शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भाजपा की चार्जशीट से घबरा गए हैं। इसी वजह से वह डिफेंस में आकर सेल्फ गोल कर रहे हैं।" सुधीर शर्मा का आरोप है कि सरकार जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की कार्रवाई कर रही है।
खबरें और भी
क्या कहना है विजिलेंस का
वहीं, विजिलेंस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद जांच पूरी तरह साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।