विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'2027 में आत्मनिर्भर बनेगा हिमाचल', सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर CM सुक्खू का एलान

Published: Wed, 11 Dec 2024 07:45 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश (Himachal News) की कांग्रेस सरकार ने अपने दो साल पूरे कर लिए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ...और पढ़ें

हिमाचल सरकार के दो साल पूरे होने पर सीएम सुक्खू ने गिनाईं उपलब्धियां। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
हिमाचल सरकार के दो साल पूरे होने पर सीएम सुक्खू ने गिनाईं उपलब्धियां। फोटो सोर्स- सोशल मीडिया

HighLights

  1. हिमाचल सरकार के दो वर्ष पूरे
  2. सीएम सुक्खू ने गिनाई उपलब्धियां
  3. साझा किया अगले 3 साल का रोडमैप

राज्य ब्यूरो, बिलासपुर। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने बुधवार को अपना दो साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। बिलासपुर के लुहणू मैदान में ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां जनता के समक्ष रखी।

2027 में आत्मनिर्भर बनेगा हिमाचल: सुक्खू

सरकार के अगले तीन सालों का रोडमैप भी रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने आर्थिक सुधार की जो दिशा पकड़ी है, उससे अर्थ व्यवस्था पटरी पर आना शुरू हो गई है। बिलासपुर के लहुणू मैदान में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार समारोह मना रही है।

अप्रैल 2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर बनेगा, तब जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि 2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर व 2032 में देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह 40 सालों से राजनीति में है। पार्टी ने उन्हें हमेशा महत्वपूर्ण पदों से नवाजा है।

हर्ष महाजन पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने भाजपा के राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह पहले कांग्रेस के सलाहकार थे, अब भाजपा के नए सलाहकार बने हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वे आजकल नड्डा के पास चापलूसी करते हैं।

यह भी पढ़ें- नड्डा के गृह क्षेत्र में सुक्खू सरकार का शक्ति प्रदर्शन, केंद्र को दो टूक- वित्तीय अनुशासन से ही बनेंगे आत्मनिर्भर

ऐसा न हो कि भाजपा विधायक 28 से कम होकर 20 रह जाए और कांग्रेस के 40 से बढ़कर 48 हो जाए। उन्होंने कहा, भाजपा के कई विधायक हमारे संपर्क में पहले भी थे और अब भी हैं। भाजपा नेता अलग-अलग गुटों में रैली कर रही हैं। यह आंदोलन कुर्सी बचाने के लिए किया जा रहा है।

'कोट-पैंट खरीदने चले गए थे जयराम'

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर कोट-पैंट खरीदने चले गए थे कि अब सरकार को भगवान भी नहीं बचा सकता, लेकिन जनता ने कांग्रेस की नीतियों पर भरोसा किया। जिस भगवान को जयराम चुनौती दे रहे थे उसी भगवान ने सरकार को बचाया।

उन्होंने कहा, जब हमें सत्ता मिली तो खजाना खाली था। केंद्र ने कर्ज की सीमा सीमित कर दी। केंद्र हमसे सौतेला व्यवहार कर रहा है। हमने इसकी भी परवाह नहीं की और केंद्र के दबाव की परवाह किए बिना 1.36 लाख कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल की।

प्रदेश में सदी की सबसे भीषण आपदा आई। फिर केंद्र ने हमारी मदद नहीं की। राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज दिया और आपदा प्रभावितों की मदद की। उन्होंने मुकेश अग्निहोत्री के आग्रह पर कहा कि वह 2400 बसों का आर्डर दें। सरकार पैसा देगी।

सीएम ने बताया क्यों ठुकराया पद

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष मुझ पर तंज कसता था कि ये न तो चेयरमैन रहा न ही मंत्री, सरकार कैसे चलाएगा। उन्होंने मंच से कहा कि उन्हें मंत्री, सीपीएस व चेयरमैन बनने का मौका मिला।

जब भी मौका मिला तो मुझे लगा कि मैं सत्ता में रहते संगठन के साथ न्याय नहीं कर सकूंगा। इसलिए पद को ठुकराया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकाअर्जुन खरगे व राजीव शुक्ला ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है।

राहुल गांधी की नीतियों व आदेशों पर कर रहे काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में वह राहुल गांधी से मिले थे। उन्होंने पूछा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार ने अपनी सारी योजनाएं बताई, गोबर खरीद, गेंहू व मक्की की खरीद, दूध का मूल्य बढ़ाना उसी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को आश्वस्त किया है कि राज्य की संपदा पर किसी एक वर्ग का नहीं बल्कि हर वर्ग का अधिकार है।

सरकार इसी सोच से काम कर रही है। चोर दरवाजों को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गेंहू की खरीद करेंगे तो सेब व गेंहू दोनों का मूल्य एक होगा व समग्र विकास होगा। उन्होंने लगातार विभागों की समीक्षा बैठक कर रहे हैं। इसमें पता चला कि राज्य की संपदा आम आदमी तक नहीं पहुंच रही थी।

सरकार ऐसे फैसले ले रही है जिससे ग्रामीण अर्थ व्यवस्था मजबूत होगी व राज्य की संपदा आम आदमी तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि 1 साल बाद भी हिमाचल को पोस्ट डिजास्टर नीड असेसमेंट की राशि नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगा रहा है कि कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है, हम 1000 बसों के लिए पैसा दे रहे हैं तो क्या वेतन नहीं देंगे।

जेपी नड्डा पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सच का सामना बार-बार झूठ से होता है लेकिन जीत सच्चाई की होती है। जेपी नड्डा ने बिलासपुर में ही रैली में कहा था कि सुक्खू सरकार ने शौचालय कर लगाकर गलत किया है। उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा 24 घंटे शौचालय में बैठे और अगले महीने का बिल देखे कि कर लगा के नहीं।

उन्होंने कहा कि सरकार के किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि मैं कोई बड़ी गाड़ी में घूमने नहीं आया हूं, न ही सत्ता सुख भोगने के लिए आया हूं। सही दिशा में जब फैसले लेंगे, तो अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। केंद्र के सौतेले व्यवहार के बावजूद 2200 करोड़ का राजस्व एकत्र किया है। अभी और बदलाव होंगे।

ईडी से डरने वाला नहीं हूं- सुक्खू

मुख्यमंत्री ने मंच से एलान किया कि भाजपा कई तरह के षड़यंत्र रच रही है। कभी सरकार गिराने का प्रयास हो रहा है, तो कभी ईडी का प्रयोग। उन्होने कहा कि भाजपा ईडी या किसी अन्य एजेंसियों का प्रयोग करना चाहती है तो करे, हम न तो डरने वाले हैं न ही फैसले लेने से पीछे हटने वाले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा आरोप लगा रही है कि 25 हजार करोड़ का कर्ज लिया है। हमने 28 हजार करोड़ का कर्ज लिया है, जिसमें 11 हजार 288 करोड़ 1971 से लिए ऋण को वापस करने पर खर्च किया। 7 हजार 800 करोड़ ऋण के मूलधन को वापस करने पर खर्च किया। दो सालों में केवल 9 हजार करोड़ का ही कर्ज लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्येय ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत करने पर है।

यह भी पढ़ें- 'बाजुओं में इतना दम नहीं जो सरकार गिरा सकें', डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर साधा निशाना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।