हिमाचल में 30 जुलाई से होगी किन्नौर कैलाश यात्रा, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर ही अनुमति; रोजाना 375 श्रद्धालु जा सकेंगे
देवभूमि किन्नौर में पंच कैलाशों में से एक पवित्र किन्नौर कैलाश यात्रा-2026 का शुभारंभ 30 जुलाई से होगा, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 28 जुलाई से शुरू होगा ...और पढ़ें

30 जुलाई से किन्नौर कैलाश यात्रा शुरू होगी। जागरण आर्काइव
संवाद सहयोगी, रिकांगपिओ। देवभूमि किन्नौर स्थित पंच कैलाशों में से एक पवित्र किन्नौर कैलाश यात्रा-2026 का शुभारंभ 30 जुलाई से होगा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित बैठक में यात्रा को 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि यात्रा की अवधि पूरी तरह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
किन्नौर कैलाश यात्रा के लिए करीब 19 किलोमीटर का पैदल ट्रैक है। किन्नौर कैलाश पर 72 फीट ऊंचा शिवलिंग है, जिसके प्रति लोगों में गहरी आस्था है।
शनिवार को एसडीएम कल्पा एवं किन्नौर कैलाश यात्रा आयोजन समिति के अध्यक्ष पदम भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में वन, पुलिस, स्वास्थ्य, होमगार्ड, जल शक्ति, राजस्व तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अस्थायी रूप से स्थगित की थी यात्रा
बैठक में बताया गया कि यात्रा के लिए प्रारंभिक रैकी के दौरान कुछ स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा सामने आने पर 28 जून को यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया था।
रिपोर्ट के आधार पर दोबारा यात्रा का निर्णय
इसके बाद 10 जुलाई को दोबारा रैकी टीम भेजी गई, जिसने 16 जुलाई को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट के आधार पर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य पूरे किए जा रहे हैं, जिसके बाद यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया गया।
खबरें और भी
28 से पंजीकरण होगा
जिला पर्यटन अधिकारी पदम भारद्वाज ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण 28 जुलाई से शुरू होगा, जबकि ऑफलाइन पंजीकरण 30 जुलाई से किया जाएगा। इस वर्ष प्रतिदिन 375 श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी जाएगी। इनमें 175 ऑनलाइन, 125 ऑफलाइन तथा 75 स्लॉट एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन, किन्नौर के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे।
बिना पंजीकरण नहीं होगी यात्रा
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा केवल तंगलिंग-मेलिंग खाता-गुफा मार्ग से ही संचालित होगी। बैठक में यात्रा मार्ग पर कानून-व्यवस्था, यातायात, चिकित्सा, पेयजल, पंजीकरण, आपदा प्रबंधन तथा सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, वन, जल शक्ति और राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती को भी अंतिम रूप दिया गया।
विभिन्न पड़ावों पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट, पुलिस बल, होमगार्ड, वन कर्मी और अन्य आवश्यक स्टाफ तैनात रहेगा।
यह भी पढ़ें: कारगिल हीरो संजय रिटायरमेंट के बाद अलग मिशन पर, हिमाचल सरकार ने बनाए ब्रांड एबेंसडर; युवाओं को कर रहे प्रेरित