सिरमौर में सड़क विवाद सुलझाने गई पुलिस तो महिला ने छोड़ दिया कुत्ता, एक जवान और दो छात्रों को काटा
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में सड़क विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर एक महिला के कुत्ते ने हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी और दो छात्र घायल हो गए। ...और पढ़ें

सिरमौर के राजगढ़ में सड़क विवाद के दौरान पहुंची पुलिस व स्थानीय लोग।
HighLights
सिरमौर में सड़क विवाद सुलझाने गई थी पुलिस टीम।
महिला के कुत्ते ने पुलिसकर्मी और दो छात्रों को काटा।
राजगढ़ पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक अजीब मामला सामने आया है। सड़क विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम के आने पर महिला के कुत्ते ने एक कर्मी को काट लिया। वहीं, आईटीआई से घर आ रहे दो छात्रों पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। राजगढ़ उपमंडल की लहारब शमलोह सड़क पर जेसीबी मशीन के आवागमन को लेकर विवाद हुआ था, जिसे सुलझाने के लिए पुलिस पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार लहारब गांव निवासी जसवंत अपने खेत के निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन ले जा रहे थे। लेकिन डूब्लू के समीप दो महिलाओं ने मशीन को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद मामले की सूचना राजगढ़ पुलिस को दी गई। इस दौरान महिला के साथ आए कुत्ते ने एक पुलिस कर्मी व दो छात्रों को काट लिया।
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित महिला लंबे समय से इस सड़क को लेकर विवाद करती आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण पर सरकारी धन खर्च किया जा चुका है और यह मार्ग दो दशक से अधिक पुराना है। इसके बावजूद इस महिला के द्वारा बार-बार आवाजाही में बाधा उत्पन्न की जाती है।
क्या कहती है महिला
दूसरी ओर महिला का कहना है कि संबंधित स्थान पर सड़क नहीं, बल्कि रास्ता है। उनका आरोप है कि जेसीबी मशीनों की आवाजाही से उनकी निजी भूमि को नुकसान पहुंचता है, इसलिए उन्होंने मशीन को वहां से गुजरने से रोका।
खबरें और भी
पहले भी थाने पहुंचा है मामला
वहीं स्थानीय निवासी रामकिशन ठाकुर ने बताया कि सड़क अवरुद्ध करने और विवाद उत्पन्न करने के संबंध में महिला के खिलाफ राजगढ़ थाना में पहले भी कई मामले दर्ज हैं। उनका कहना है कि मार्ग से गुजरने वाले लोगों के पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं। इसके बावजूद बार-बार विवाद खड़ा कर लोगों को परेशान किया जाता है।
क्या कहते हैं डीएसपी
उधर, डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने बताया कि महिला के खिलाफ राजगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जब मौके पर लोग एकत्रित थे, उसी दौरान महिलाओं द्वारा कुत्ते को खोल दिया गया, जिसके बाद कुत्ते ने एक पुलिस जवान और दो छात्रों को काट लिया।