हिमाचल में बेटे को बचाने गई मां की हत्या, पड़ोसी ने धक्का देकर नीचे फेंका; अस्पताल में तोड़ दिया दम
उपमंडल अर्की के कुईरू गांव में बेटे और एक ग्रामीण के विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मां मीना देवी की धक्का लगने से मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी अनु ...और पढ़ें

हिमाचल के सोलन में बेटे को बचाने गई मां की हत्या कर दी गई। (फोटो एआई से बनाया है)
HighLights
अर्की में बेटे को बचाने आई मां की मौत।
पड़ोसी ने धक्का दिया, 10 फीट नीचे गिरी महिला।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा।
संवाद सहयोगी, अर्की (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में एक बेहद सनसनीखेज वारदात हुई है। उपमंडल अर्की की पंचायत शहरोल के कुईरू गांव में गत रात हुए विवाद में बेटे को बचाने गई महिला की हत्या कर दी गई। महिला बेटे और गांव के एक व्यक्ति के बीच विवाद के दौरान महिला बीच-बचाव करने पहुंची थी। पुलिस ने महिला के बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन एसडी वर्मा ने बताया कि मृत महिला के बेटे शुभम पुत्र गोविंद राम निवासी गांव कुईरू ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गत शाम करीब सात बजे वह घर के समीप सड़क पर टहलने गया था।
रास्ता रोककर गले से पकड़ लिया
रात करीब नौ बजे लौट रहा था तो गांव का ही 44 वर्षीय अनु मिला। आरोपित पहले से उससे रंजिश रखता था और उसे गले से पकड़ लिया। वह वहां से छूटकर नीचे की ओर भागा और अपनी माता मीना देवी तथा पत्नी दीक्षा को फोन कर बुलाया।
शराब की बोतल से हमले का प्रयास
आरोप है कि आरोपित ने शराब की बोतल निकालकर शुभम पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन शुभम के बचाव करने पर बोतल जमीन पर गिरकर टूट गई।
बचाने पहुंची मां को धक्का देकर फेंका
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची मीना देवी और दीक्षा ने शुभम को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपित ने मीना देवी को धक्का दे दिया, जिससे वह पास में बने एक मकान के आंगन में करीब 10 फीट नीचे गिर गई। गिरने से उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। दीक्षा भी धक्का लगने से सीढ़ियों के पास गिर गई।
अस्पताल में तोड़ दिया दम
घटना के बाद शुभम ने 112 पर काल कर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल मीना देवी को नागरिक अस्पताल अर्की पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए साक्ष्यों तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।