हिमाचल: न्यू ईयर पर कसौली में पर्यटकों के लिए खास फेस्टिव पैकेज, होटल में भी मिल रहा ऑफर
कसौली में नए साल के लिए होटल और होमस्टे लगभग 70% बुक हो चुके हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष फेस्टिव पैकेज, डीजे पार्टी और कपल डांस जैसे आय ...और पढ़ें

जिला सोलन स्थित हिल स्टेशन कसौली। जागरण आर्काइव
HighLights
कसौली के होटल लगभग 70% तक बुक
विशेष फेस्टिव पैकेज और डीजे पार्टी का आयोजन
होटलों में 15 से 25% तक की छूट
जागरण संवाददाता, कसौली (सोलन)। यदि आप नववर्ष पर हिमाचल प्रदेश के कसौली आने का कार्यक्रम बना रहे हैं तो जल्द कमरा बुक करवा लें। कसौली के होटलों और होमस्टे में लगभग 70 प्रतिशत कमरे बुक हो चुके हैं। नए साल पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष फेस्टिव पैकेज, डीजे पार्टी, मिस व मिस्टर कसौली प्रतियोगिता, कपल डांस और बच्चों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विजेताओं को पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
15 से 25 प्रतिशत तक छूट
पर्यटन नगरी कसौली में क्रिसमस और नववर्ष के जश्न की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शहर में होटल, होम स्टे व रेस्तरां को रंग-बिरंगी लाइटों से सजा दिया है। पर्यटकों को कमरा बुक करवाने पर 15 से 25 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है।
कसौली में छोटे-बड़े लगभग 250 होटल, रिजार्ट, काटेज और गेस्ट हाउस हैं। यहां पर एक रात में लगभग दो हजार से अधिक पर्यटक ठहर सकते हैं। कारोबारियों को क्रिसमस और नववर्ष पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
सभी होटल फुल आक्यूपेंसी की ओर अग्रसर
कसौली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र चोपड़ा ने बताया कि इस बार नववर्ष के मौके पर कसौली के लगभग सभी होटल फुल आक्यूपेंसी की ओर अग्रसर हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिए स्पेशल पैकेज, कपल डांस, फन एक्टिविटीज, डांस प्रतियोगिताएं और बच्चों के लिए रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इस साल क्रिसमस और नववर्ष के दौरान कसौली का पर्यटन कारोबार पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहेगा।
क्या कहना है प्रशासन का
एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहारी सीजन के लिए प्रशासन ने व्यवस्थाएं कर ली हैं। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैठक की जा चुकी है। ओवर चार्जिंग व कार पार्किंग को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। कसौली में दो होटल पर्यटन निगम के हैं, जिनमें ओल्ड व न्यू रोज कामन होटल शामिल है, जिनमें आनलाइन व आफलाइन बुकिंग होती है।
खबरें और भी
आज क्रिसमस पर यहां होंगे विशेष योगदान
क्रिसमस पर कसौली स्थित क्राइस्ट चर्च, बैप्टिस्ट चर्च, सेंट पैट्रिक चर्च और कैथोलिक चर्च में विशेष प्रार्थना सभाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आए पर्यटक बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हैं।
यह भी पढ़ें: New Year पर हिमाचल घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए राहत की खबर, CM सुक्खू ने अपील के साथ कर दिया बड़ा एलान
यहां घूम सकते हैं पर्यटक
कसौली के एयरफोर्स एरिया में मंकी प्वाइंट, सन सेट व सन राइज प्वाइंट, गिल्बर्ट ट्रैक, हेरिटेज पार्क व मेडिटेशन प्वाइंट सहित अन्य पर्यटन स्थल हैं जहां पर पर्यटक घूम सकते हैं। कसौली के मालरोड पर मशहूर बने समोसा का भी पर्यटक आनंद उठाते हैं।