सड़क धंसने से खाई में गिरी पिकअप जीप, ड्राइवर की वाहन के नीचे दबने से मौत; ऊना में हुआ दर्दनाक हादसा
ऊना जिले में चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग पर सड़क धंसने से एक पिकअप जीप खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में टकारला गांव निवासी 42 वर्षीय अजय कुमार की व ...और पढ़ें

ऊना के बंगाणा उपमंडल के तहत दुर्घटनाग्रस्त पिकअप। जागरण
HighLights
ऊना में सड़क धंसने से पिकअप जीप खाई में गिरी।
हादसे में 42 वर्षीय ड्राइवर अजय कुमार की मौत हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, परिवार में शोक।
जागरण टीम, बंगाणा,बडूही (ऊना)। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में सड़क का भाग धंसने से एक पिकअप जीप खाई में गिर गई। हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग पर यह हादसा हुआ, इसमें टकारला गांव निवासी 42 वर्षीय अजय कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अजय कुमार शनिवार शाम अपनी पिकअप गाड़ी में जंगल से लकड़ी लेकर घर लौट रहे थे। जब वह चौकीमन्यार-कैंट सड़क मार्ग से गुजर रहे थे, तो सड़क के किनारे की मिट्टी अचानक धंस गई। इससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी ढलान में पलट गई।
गाड़ी के नीचे दब गया ड्राइवर
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि अजय कुमार वाहन के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वाहन के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया, इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार का सहारा छूटा
बताया जा रहा है कि अजय कुमार अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
क्या कहते हैं डीएसपी
डीएसपी अजय ठाकुर ने बताया कि पिकअप वाहन दुर्घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: गाली देने से रोका तो घर में घुसकर दराट से लहुलूहान कर दिए पिता-पुत्र, मंडी के जोगेंद्रनगर में रात को हुई वारदात
यह भी पढ़ें: हिमाचल एंट्री टैक्स पर बवाल, 125 रुपये वसूलने पर हंगामा; मनाली हाईवे पर कई KM लंबे जाम में एंबुलेंस भी फंसी