Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू के छन्नी हिम्मत में सनसनी, निर्माणाधीन मकान की टंकी में मिला कूड़ा बीनने वाले का शव; 4 दिन से था लापता

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 03:03 PM (IST)

    जम्मू के छन्नी हिम्मत में एक निर्माणाधीन मकान की अधूरी पानी की टंकी में एक कूड़ा बीनने वाले व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में ...और पढ़ें

    इसी घर की टंकी से बरामद हुआ शव।

    इसी घर की टंकी से बरामद हुआ शव।

    HighLights

    1. छन्नी हिम्मत में निर्माणाधीन टंकी से मिला शव

    2. मृतक की पहचान कूड़ा बीनने वाले बिट्टू कुमार के रूप में

    3. पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या, आपराधिक वारदात की जांच कर रही

    जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर के छन्नी हिम्मत में रविवार को एक निर्माणाधीन मकान की अधूरी पानी की टंकी से कूड़ा बीनने वाले का शव मिला है। दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

    छन्नी हिम्मत थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान बिट्टू कुमार पुत्र तारा चंद निवासी संत मोहल्ला, छन्नी हिम्मत के रूप में हुई।

    पुलिस के अनुसार बिट्टू कूड़ा बीनने का काम करता था और चार दिन से लापता था। परिवार ने उसकी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई थी, क्योंकि वह पहले भी घर कई-कई दिन बाद लौटता था। रविवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-दो, छन्नी हिम्मत में तवी सुपर शापी के सामने एक निर्माणाधीन भवन की अधूरी पानी की टंकी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।

    78247263

    शव बरामद होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस। 

    पुलिस ने पाया कि शव लगभग 35 से 40 वर्ष आयु के पुरुष का है। शव की पहले पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर कानूनी औपचारिकताओं के लिए जीएमसी जम्मू के शवगृह में पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।

    पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। शाम को लापता बिट्टू का परिवार अस्पताल पहुंचा और उसकी पहचान कर ली। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव निर्माणाधीन भवन की पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा।

    पुलिस का यह भी कहना है कि मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हादसा, आत्महत्या अथवा किसी आपराधिक वारदात सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: होटल में मृत पाए गए कांग्रेस नेता फारूक खान, पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे राजौरी