विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू के चौथे तवी पुल की सुरक्षा दीवार फिर धंसी, बड़े हादसे की आशंका से सहमे लोग

Published: Fri, 04 Sep 2026 03:08 PM (IST)

जम्मू में चौथे तवी पुल के पास सुरक्षा दीवार फिर से धंसने लगी है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोग प्रशासन की अनदेखी से नाराज।

बेलीचराना चौक के पास दरकी सुरक्षा दीवार

बेलीचराना चौक के पास दरकी सुरक्षा दीवार

जागरण संवाददाता, जम्मू। भगवती नगर स्थित चौथे तवी पुल के बेलीचराना चौक और तवी रिवर फ्रंट पार्क के नजदीक बनी सुरक्षा दीवार एक बार फिर धंसने लगी है। बैराज और चौथे पुल के बीच किनारे को मजबूती देने के लिए पत्थरों से तैयार की गई यह सुरक्षा दीवार धीरे-धीरे दरक कर नदी में समा रही है जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। पिछले वर्ष 26 अगस्त को भी इसी स्थान पर भारी बारिश और जलभराव के चलते बड़ा हिस्सा धंस गया था।

अब ठीक उसी जगह पर दोबारा मिट्टी और पत्थरों का खिसकना शुरू हो गया है, जिससे पुल की अप्रोच रोड के नीचे का हिस्सा खोखला होने की आशंका बढ़ गई है। अब ऐसे में बड़ा जानलेवा हादसा घटित होने की पूरी संभावना बनी हुई है।

नदी में बढ़ते जलस्तर से बड़े नुकसान की आशंका

सुरक्षा दीवार के पत्थर लगातार तवी नदी के बहाव क्षेत्र में गिर रहे हैं, जिससे पूरी संरचना कमजोर पड़ती दिख रही है। क्षेत्र में तेज बारिश होने या तवी नदी में बाढ़ की स्थिति बनने पर यह किनारा पूरी तरह कट सकता है।

यदि यह दीवार ढहती है, तो अप्रोच रोड सीधे नदी में समा सकती है, जिससे चौथे तवी पुल की स्थिरता पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। इसके अलावा नजदीक ही स्थित तवी रिवर फ्रंट पार्क और सौंदर्यीकरण परियोजना के बुनियादी ढांचे को भी इस कटाव से सीधा खतरा पैदा हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- जम्मू मास्टर प्लान के ड्राफ्ट को CM उमर ने दी हरी झंडी, दायरे में आएंगे 351 नए गांव; रोजगार सहित लगेंगे विकास के पंख

व्यस्त मार्ग पर मंडरा रहा बड़ा सड़क हादसा

बेलीचराना चौक से भगवती नगर और शहर के अन्य हिस्सों को जोड़ने वाला यह मार्ग दिन-रात वाहनों की भारी आवाजाही से व्यस्त रहता है। सड़क का निचला हिस्सा कमजोर होने से अप्रोच रोड पर चलने वाले भारी वाहनों और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई है। स्थानीय वाहन चालकों का कहना है कि किनारा धंसने के कारण मोड़ और संकरे हिस्सों पर कभी भी कोई वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर सकता है, जिससे बड़ा जानलेवा हादसा घटित होने की पूरी संभावना बनी हुई है।

प्रशासनिक अनदेखी पर स्थानीय लोगों में रोष 

हालात को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने पिछले वर्ष की गई मरम्मत की गुणवत्ता पर कड़े सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि महज एक साल के भीतर उसी स्थान पर दोबारा कटाव शुरू होना निर्माण कार्य की कमियों को उजागर करता है।

जनता ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना तुरंत मौके का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और मजबूत कंक्रीट बेस के साथ सुरक्षा दीवार का स्थाई पुनर्निर्माण शुरू किया जाए।

क्या कहते हैं अधिकारी

दूसरी तरफ अधिकारियों ने कहा- ‘कुछ दिन पहले चौथे पुल के नजदीक की सुरक्षा दीवार का मलबा धंस गया था। कुछ पत्थर भी गिरे। तभी मरम्मत का काम शुरू कर दिया। लगातार बारिश के चलते काम रोकना पड़ा। अगले दो-चार दिनों में मौसम साफ होते ही काम पूरा कर लिया जाएगा। फिलहाल कोई खतरे की बात नहीं है। ऊपरी हिस्सा बारिश से बहा है लेकिन नीचे की तरफ सब ठीक है। विभाग नजर रखे हुए है।’

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर की नदियों में घुल रहा 'जहर'! उज्ज के हर नमूने में माइक्रो-प्लास्टिक, चिनाब की मछलियों में भी कण मिले