जम्मू-कश्मीर में नहीं थम रहा बारिश का कहर, दो दिन में 24 मौतें; वैष्णो देवी और अमरनाथ की यात्रा स्थगित
जम्मू-कश्मीर में लगातार बारिश और भूस्खलन से दो दिनों में 24 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग लापता हैं। ...और पढ़ें
HighLights
जम्मू-कश्मीर में दो दिन में 24 लोगों की मौत
पुंछ में एक परिवार के सात सदस्यों की जान गई
अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्राएं दूसरे दिन भी स्थगित
जागरण टीम, राजौरी। जम्मू-कश्मीर में मौसम का कहर दूसरे दिन भी जारी रहा। पुंछ जिला सबसे संवेदनशील बना है। सोमवार को पुंछ में एक घर पर मलबा गिरने से परिवार के सात लोगों की मौत हो गई।
डोडा में बस पर चट्टान गिरने से दो लोगों को जान गंवानी पड़ी। सोमवार को पांच महिलाओं समेत 12 लोग मौसम के कारण आपदा का शिकार बने। जम्मू-कश्मीर में मौसम दो दिन में 24 जिंदगियां लील चुका है। अभी भी बाढ़ और मलबे में दबने से छह लोग लापता हैं। साथ ही अभी खतरा टला नहीं है और अगले 48 घंटे भारी वर्षा की आशंका के चलते खतरा बना है।

अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्राएं स्थगित
इस बीच, दूसरे दिन भी श्रीअमरनाथ, माता वैष्णो देवी, रियासी में शिवखोड़ी और किश्तवाड़ में सरथल यात्राएं दूसरे दिन भी स्थगित रहीं। हालांकि बताया जा रहा है कि अमरनाथ धाम के लिए बालटाल के रास्ते कुछ श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। वहीं जम्मू स्थित आधार शिविर, लखनपुर के अलावा कश्मीर में हजारों शिवभक्त यात्रा नियमित होने के इंतजार में हैं।
कटड़ा में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु रुके हुए हैं। सोमवार तड़के जम्मू, राजौरी, पुंछ सहित अन्य जिलों में तेज वर्षा हुई। इससे तवी व चिनाब नदी समेत कई नाले उफान पर रहे। मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक भारी वर्षा और भूस्खलन की चेतावनी देते हुए लोगों को पहाड़ी रास्तों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
बाढ़-मकान ढहने से 11 की मौत
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिले में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को छह-छह लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। पुंछ जिले में रविवार को भी वर्षा, बाढ़ व मकान ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। सोमवार सुबह अभी जिंदगी पटरी पर आ रही थी कि सुरनकोट के लोरन गांव में वर्षा के बीच पहाड़ से भारी मलबा एक कच्चे कमान पर आ गिरा। इससे एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई।
खबरें और भी

पुंछ और राजौरी में 21 की मौत
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में चार महिलाएं हैं। इस बीच राजौरी में उफनती मनावर नदी में हेलीकॉप्टर से एक व्यक्ति का शव निकाला गया। जिला में एक और शव बरामद किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, पुंछ और राजौरी जिलों दो दिन में 21 मौतें हुई हैं। छह लोग अभी लापता हैं।
यहां सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। कश्मीर में तेेज वर्षा से कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। इस बीच, भद्रवाह से जम्मू आ रही यात्री बस पर रग्गी नाले के पास पहाड़ से बड़ी चट्टान आ गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत और चार यात्री घायल हो गए। डोड़ा के ही काशतीगढ़ में मकान ढहने से महिला की जान चली गई।

उधर, कटड़ा में माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान बैटरी कार मार्ग, भैरव घाटी मार्ग तथा पारंपरिक यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों में आंशिक भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं।
यात्रा बंद रहने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्रभावित मार्गों को सुरक्षित बनाने आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन कार्य में जुटे हैं। इस बीच, जम्मू व श्रीनगर सहित कई जिलों में तड़के तेज वर्षा हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव रहा। लगातार वर्षा से कई गांवों का संपर्क टूट गया है।