SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र में 13 अधिकारियों का बड़ा तबादला, जीएम सहित कई के बदले विभाग
SAIL: बोकारो इस्पात संयंत्र में सेल प्रबंधन ने 13 अधिकारियों का अंतर-विभागीय तबादला किया है। इसमें महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं, जिसमें सीआ ...और पढ़ें

बोकारो स्टील प्लांट। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, बोकारो। SAIL प्रबंधन ने बोकारो इस्पात संयंत्र में कार्यरत कुल 13 अधिकारियों का अंतर-विभागीय तबादला कर दिया है। स्थानांतरण की सूची में सहायक प्रबंधक से लेकर महाप्रबंधक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इन्हें जल्द से जल्द अपने वर्तमान विभाग से विरमित होकर नए विभाग में योगदान देने का निर्देश जारी किया गया है।
प्रबंधन ने यह निर्णय विभागीय कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त करने तथा कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से लिया है। स्थानांतरित अधिकारियों में सबसे अधिक अफसर नगर सेवा विभाग के हैं, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित थे।
इनमें नगर सेवा विभाग की भूमि एवं राजस्व शाखा में कार्यरत महाप्रबंधक ए.के. सिंह का तबादला संपर्क एवं प्रशासन विभाग में कर दिया गया है। उनकी जगह संपर्क एवं प्रशासन विभाग के महाप्रबंधक चौधरी रत्नेश कुमार सुधांशु को नगर सेवा विभाग की भूमि एवं राजस्व शाखा का नया जीएम बनाया गया है।
इसी प्रकार नगर सेवा विभाग की उद्यान शाखा में कार्यरत उप महाप्रबंधक प्रमोद शंकर सिंह को सीएमएम विभाग, नगर सेवा विभाग की सिविल शाखा में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक राकेश भेलपुरी को कार्मिक एचआरडी विभाग, नगर सेवा विभाग की जलापूर्ति शाखा में कार्यरत सहायक महाप्रबंधक मयंक आकाश को संपर्क एवं प्रशासन विभाग तथा सीआरएम-3 विभाग के सहायक महाप्रबंधक शैलेश कुमार दूबे को नगर सेवा विभाग की जलापूर्ति शाखा में स्थानांतरित किया गया है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- SAIL: डॉ. अशोक कुमार पांडा बने अंतरिम सीएमडी, केके सिंह हुए कार्यभार से मुक्त
इसके अलावा, नगर सेवा विभाग की बिजली शाखा में कार्यरत वरीय प्रबंधक मनोज कुमार को टीबीएस विभाग, नगर सेवा विभाग की जलापूर्ति शाखा में कार्यरत वरीय प्रबंधक अशोक कुमार को सीआरएम-3 विभाग, नगर सेवा विभाग की राजस्व शाखा में कार्यरत उप प्रबंधक शांति राम पात्रा को कार्मिक ओडी विभाग, कार्मिक ओडी विभाग की उप महाप्रबंधक माला रानी को कार्मिक एचआरडी विभाग, सीएसआर विभाग के वरीय प्रबंधक नीरज कुमार त्रिपाठी को बोकारो निवास तथा बोकारो निवास के सहायक प्रबंधक कुमार सौरव को कार्मिक विभाग में स्थानांतरित किया गया है।