बीजेपी का गढ़ होने के बावजूद प्रदेश कार्यसमिति में सिमटा चतरा, जिले से सिर्फ 3 नेताओं को मिली जगह
चतरा जिले को भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला है, जहां केवल तीन नेताओं को जगह मिली है। ...और पढ़ें
-1785295740958_m.webp)
बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति
HighLights
चतरा से केवल तीन नेताओं को प्रदेश कार्यसमिति में स्थान।
पूर्व जिलाध्यक्ष रामविलास सिंह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बने।
कम प्रतिनिधित्व पर जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हुईं।
जागरण संवाददाता, चतरा। भाजपा की ओर से जारी नई प्रदेश कार्यसमिति में चतरा जिले की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम है। जिले से केवल तीन नेताओं को ही स्थान दिया गया है। इनमें पूर्व जिलाध्यक्ष रामविलास सिंह को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष नवीन कुमार साह एवं प्रदीप कुमार सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
प्रदेश कार्यसमिति की सूची सामने आने के बाद जिले के राजनीतिक एवं संगठनात्मक हलकों में इस प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
कार्यकर्ताओं का मानना है कि चतरा भाजपा का परंपरागत रूप से मजबूत गढ़ रहा है और संगठनात्मक दृष्टि से जिले की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में कार्यसमिति में अपेक्षाकृत कम प्रतिनिधित्व मिलने को लेकर विभिन्न स्तरों पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
जिले की संसदीय सीट पर भाजपा का कब्जा है, जबकि विधानसभा क्षेत्र में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का प्रतिनिधित्व है। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा चुनावी प्रबंधन में भी जिले के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही है।
तीन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
हालांकि पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश कार्यसमिति के गठन में क्षेत्रीय और संगठनात्मक संतुलन को प्राथमिकता देने की बात कही है। ऐसे में चतरा से तीन नेताओं को मिली जिम्मेदारी को संगठन ने सम्मानजनक प्रतिनिधित्व बताया है।
खबरें और भी
वहीं कई कार्यकर्ताओं का मानना है कि भविष्य में संगठन के विस्तार और विभिन्न प्रकोष्ठों के गठन के दौरान जिले के अन्य अनुभवी एवं सक्रिय नेताओं को भी अवसर मिल सकता है। नई कार्यसमिति के गठन के साथ प्रदेश संगठन ने आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारी भी तेज कर दी है।
अब जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं की नजर इस बात पर रहेगी कि आगामी दिनों में संगठन के अन्य दायित्वों में चतरा को कितना प्रतिनिधित्व मिलता है।
यह भी पढ़ें- भाजपा संगठन विस्तार में पलामू-गढ़वा का दबदबा, प्रदेश कार्यसमिति में 15 नेताओं को मिली जगह