श्रावणी मेला को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर, देवघर और बासुकीनाथ में 417 पारा मेडिकल स्टाफ तैनात
श्रावणी मेला के दौरान देवघर और बासुकीनाथ में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए स्थायी व अस्थायी शिविरों में पारा मेडिकल कर्मियों की प्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
देवघर-बासुकीनाथ श्रावणी मेला में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पारा मेडिकल कर्मी।
देवघर के लिए 349, बासुकीनाथ के लिए 68 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति।
प्रतिनियुक्त कर्मियों को 27 जुलाई तक सिविल सर्जन कार्यालय में योगदान देना।
जागरण संवाददाता, देवघर। श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम सहित बासुकीनाथ में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए स्थायी व अस्थायी स्वास्थ्य शिविरों का संचालन किया जाएगा। इन शिविरों में श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
राज्य मुख्यालय से देवघर व बासुकीनाथ के लिए प्रतिनियुक्त होने वाले पारा मेडिकल कर्मियों की सूची जारी कर दी गई है। देवघर के लिए 349 और बासुकीनाथ दुमका के लिए 68 पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। प्रतिनियुक्त पारा मेडिकल कर्मियों को 27 जुलाई तक सिविल सर्जन कार्यालय (देवघर व दुमका) में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
देवघर के लिए विभिन्न जिला से प्रतिनियुक्त पारा मेडिकल कर्मी
श्रावणी मेला के दौरान 30 जुलाई से 14 अगस्त तक के लिए पहले बैच के लिए पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें धनबाद जिला से 16 पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गिरिडीह जिला से 18 , सिमडेगा जिला से 28 , पलामू जिला से 24 , रांची जिला से 17, चतरा जिला से 25 , सरायकेला-खरसावां से 18 , गढ़वा जिला से 15, पश्चिम सिंहभूम चाईबासा जिला से 20, हजारीबाग जिला से 30, कोडरमा से 11, बोकारो जिला से 17, लोहरदगा से 16, खूंटी से 23, लातेहार से 33, गुमला से 18, रामगढ़ से 10, जामताड़ा से 10 पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त होने वाले पारा मेडिकल कर्मियों में फार्मासिस्ट, प्रयोगशाला प्रावैधिक, सीएचओ, एक्स-रे टेक्नीशियन , बहुउद्देशीय कार्यकर्ता, पुरुष कक्ष सेवक, बुनियादी कार्यकर्ता सहित अन्य शामिल है।
बासुकीनाथ (दुमका) के लिए प्रतिनियुक्त पारा मेडिकल कर्मी
श्रावणी मेला के दौरान बासुकीनाथ मेला के लिए पहले 15 दिनों के लिए (30 जुलाई से 14 अगस्त तक) 68 पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें साहेबगंज जिला से 27, गोड्डा जिला से 15, पाकुड़ जिला से 21 व जामताड़ा जिला से पांच पारा मेडिकल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिनियुक्त होने वाले पारा मेडिकल कर्मियों में एमपीडब्ल्यू, प्रयोगशाला प्रावैधिक, फार्मासिस्ट, निगरानी निरीक्षक सहित अन्य कर्मी शामिल है।