विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLA Jairam Mahto के खिलाफ किसने रची साजिश? बरवाअड्डा थाने में मारपीट के बाद सांसद समर्थकों के खिलाफ गंभीर आरोप

Updated: Mon, 24 Aug 2026 10:25 AM (IST)

Dhanbad News: बरवाअड्डा थाने में बवाल के बाद डुमरी विधायक जयराम महतो ने धनबाद सांसद ढुलू महतो के समर्थकों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

बरवाअड्डा थाने में विधायक जयराम महतो ( सफेद टी शर्ट में) के साथ तू-तू मैं-मैं करते मुखिया समर्थक। (फोटो साैजन्य)

बरवाअड्डा थाने में विधायक जयराम महतो ( सफेद टी शर्ट में) के साथ तू-तू मैं-मैं करते मुखिया समर्थक। (फोटो साैजन्य)

संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। बरवाअड्डा थाने में बवाल के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने धनबाद के सांसद ढुलू महतो के समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। विधायक का आरोप है कि थाने में उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। 

क्या है मामला 

बड़ा पिछरी  की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर जाति  और आवासीय प्रमाणपत्र एवं वंशावली बनाए जाने के आरोप में JLKM  नेता गणेश दास की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार की रात डुमरी विधायक जयराम महतो बरवाअड्डा पहुंचे थे। इसके बाद थाने में हंगामा हो गया।

थाने में पहुंचे विधायक जयराम महतो के समर्थकों और मुखिया समर्थकों के बीच मारपीट हो गई थी। आरोप है कि इसी दाैरान विधायक पर भी हमला हुआ। उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना को विधायक अपने खिलाफ साजिश बता रहे हैं। उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

विधायक पर गंभीर धाराओं में एफआइआर 

इस घटना के बाद थाने के भीतर हुई हिंसा को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में हरिजन एक्ट (SC/ST Act) समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

विधायक जयराम महतो का आरोप है कि वह पंचायत से जुड़े एक मामले की जानकारी लेने रात में थाने गए थे। वहां तीन-तीन थाना प्रभारियों की मौजूदगी में दर्जनों लोगों ने उन्हें घेर लिया, गला दबाया और जान से मारने की कोशिश की। विधायक ने दावा किया कि धनबाद सांसद प्रतिनिधि और जिलाध्यक्ष के इशारे पर उनके खिलाफ यह सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया है।

मुखिया पुत्र ने कोर्ट में विधायक के खिलाफ दर्ज कराया बयान 

दूसरी ओर, वादी प्रदीप रजक (मुखिया यशोदा देवी के पुत्र) ने शनिवार को कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। प्रदीप की शिकायत पर पुलिस ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ जातिसूचक शब्द बोलने और मारपीट करने के आरोप में हरिजन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

बड़ापिछरी की मुखिया यशोदा देवी ने भी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि शुक्रवार देर रात विधायक समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे और केस वापस लेने का दबाव बनाया। इंकार करने पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्द और परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई।

उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वालों पर कसता शिकंजा

घटना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। थाना परिसर और चेंबर में हुई हाथापाई की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाल रही है। दिलीप चौधरी नामक व्यक्ति पर फेसबुक के जरिए गणेश दास की पिटाई की झूठी खबर फैलाकर जेएलकेएम समर्थकों को थाने में उकसाने का आरोप है, जिस पर प्राथमिकी की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- डुमरी विधायक जयराम महतो के सामने बरवाअड्डा थाने में फैटा-फैटी, JLKM नेता को जेल भेजेगी पुलिस

हाजत से कैदी छुड़ाने का प्रयास करने, भीड़ जुटाकर हंगामा करने और थाना प्रभारी के दफ्तर में बवाल काटने वालों पर पुलिस अलग से शिकंजा कस रही है। थाना प्रभारी रवि कुमार के मुताबिक, दोनों पक्षों के आवेदनों पर केस दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- धनबाद के जनप्रतिनिधियों में मेल नहीं, कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के जलसे से रेलवे ने खींचे हाथ