विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद के जनप्रतिनिधियों में मेल नहीं, कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के जलसे से रेलवे ने खींचे हाथ

Updated: Sat, 22 Aug 2026 08:58 AM (IST)

Indian Railway News: धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस आज से बिना किसी उद्घाटन समारोह के चलेगी, क्योंकि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच मेल नहीं है।

अमृत भारत ट्रेन के इंजन पर लटके सांसद ढुलू महतो और विधायक राज सिन्हा। (फाइल फोटो)

अमृत भारत ट्रेन के इंजन पर लटके सांसद ढुलू महतो और विधायक राज सिन्हा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस आज शुरू होगी।

  2. जनप्रतिनिधियों के आपसी मेल न होने से उद्घाटन समारोह नहीं।

  3. पहले फेरे में ट्रेन की सभी सीटें फुल हो गईं।

जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद से कोयंबटूर के बीच आज शनिवार 22 अगस्त से अमृत भारत ट्रेन चलेगी। धनबाद-पोत्तनूर अमृत भारत के बाद यह दूसरी ट्रेन होगी। हालांकि, इसका शुभारंभ बगैर किसी जलसे के होगा। धनबाद के जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी मेल-जोल नहीं होने के कारण रेलवे ने किसी तरह का समारोह करने से हाथ खड़े कर लिए हैं।

अब तक चलने वाली नई ट्रेनें पहले दिन उद्घाटन स्पेशल बन कर चली हैं। बाद में उनके फेरे नियमित किये गये हैं। पर इस बार नई ट्रेन का उद्घाटन नहीं होगा। बगैर किसी जलसे के शाम 4:10 पर ट्रेन धनबाद से रवाना होगी।

नई ट्रेन चलने को लेकर धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने कहा कि वह दक्षिण भारत में हैं। धनबाद से ट्रेन खुलने के दौरान आनलाइन जुड़ेंगे। दूसरी ओर, स्थानीय विधायक राज सिन्हा ने कहा कि नई ट्रेन से जुड़ी कोई सूचना रेलवे से नहीं मिली है।

माना जा रहा है कि पिछले छह अप्रैल को धनबाद-लोकमान्य तिलक मुंबई की नई ट्रेन के उद्घाटन समारोह के दौरान हुई किरकिरी से सबक लेकर रेल प्रशासन ने इस बार किसी समारोह का आयोजन नहीं किया।

मेयर व झरिया विधायक को आमंत्रण पत्र देकर लिया गया था वापस

दरअसल, धनबाद-एलटीटी ट्रेन के उद्घाटन समारोह में रेलवे की ओर से सांसद समेत धनबाद व झरिया विधायक और मेयर को आमंत्रण भेजा गया था। उद्घाटन से कुछ समय पहले मेयर को भेजा गया आमंत्रण पत्र रद कर दिया गया।

समारोह स्थल पर लगे बैनर जिसमें मेयर का नाम था, उसे भी बदल दिया गया। उन्हें संशोधित पत्र भेज कर बताया गया कि उद्घाटन के लिए आपको निमंत्रण पत्र दिया गया है, जो रेलवे बोर्ड के निर्देश के अनुरूप नहीं है।

यह भी पढ़ें- Dhanbad-LTT Express: धनबाद में ट्रेन लॉन्च बना राजनीतिक मंच, मेयर संजीव सिंह को साइडलाइन कर सांसद ने दिखाई हरी झंडी

ऐसे समारोह में केवल स्थानीय विधायक एवं सांसद की उपस्थिति के लिए निर्देश है। इसे लेकर रेलवे की खासी किरकिरी हुई थी। दूसरे दिन रेल अधिकारियों ने सिंह मेंशन पहुंच कर मेयर से क्षमा याचना की थी।

समारोह नहीं करने की कहानी 

दरअसल, धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो, धनबाद के विधायक राज सिन्हा और मेयर संजीव सिंह के बीच मेल नहीं है। सभी एक-दूसरे को फूटी आंख भी देखना पसंद नहीं करते हैं।

एक जगह जमा होने पर असहज स्थिति उत्पन्न हो जाती है। माना जा रहा है कि इसी कारण रेलवे ने किसी तरह का समारोह करना ही मुनासिब नहीं समझा।

पहले फेरे में शानदार रिस्पांस, धनबाद से हाउसफुल होकर खुलेगी ट्रेन

लंबी दूरी के बाद भी धनबाद-काेयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस को यात्रियों का शानदार रिस्पांस मिला है। पहले फेरे में इस ट्रेन की स्लीपर की 640 में से सभी सीटें फुल हो गई हैं। आगामी फेरों की बुकिंग की रफ्तार भी तेज है।

यह भी पढ़ें- धनबाद स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत, सांसद इंजन पर तो विधायक सीढ़ी पर दिखे

वापसी में 25 अगस्त से कोयंबटूर से चलने वाली ट्रेन में शुक्रवार शाम तक टिकटों की बुकिंग शुरू नहीं हुई। शनिवार से बुकिंग शुरू होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- अंतिम संस्कार से ठीक पहले श्मशान घाट पहुंची धनबाद पुलिस, युवती का शव लिया कब्जे में; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज