विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डुमरी विधायक जयराम महतो के सामने बरवाअड्डा थाने में फैटा-फैटी, JLKM नेता को जेल भेजेगी पुलिस

By Anand PathakEdited By: Mritunjay Pathak
Updated: Sat, 22 Aug 2026 01:24 PM (GMT+05:30)

Dhanbad News: धनबाद के बरवाअड्डा थाने में डुमरी विधायक जयराम महतो और मुखिया यशोदा देवी के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट हुई।

HighLights

  1. बरवाअड्डा थाने में विधायक-मुखिया समर्थकों के बीच हंगामा।

  2. आरोपी गणेश दास की पैरवी को लेकर बढ़ा विवाद।

  3. पुलिस ने गणेश दास को जेल भेजने की तैयारी की।

संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। Dhanbad News: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र की बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी का फर्जी हस्ताक्षर कर जाति, आवासीय प्रमाण पत्र व वंशावली बनाने के आरोपी की पैरवी करने पहुंचे विधायक जयराम महतो और मुखिया समर्थकों के बीच थाने के भीतर जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में मुखिया का पुत्र घायल हो गया है।

क्या है पूरा मामला?

बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने गांव के ही गणेश दास पर अपना फर्जी हस्ताक्षर कर प्रमाण पत्र बनाने का आरोप लगाया था।

इस संबंध में बरवाअड्डा थाने में कांड संख्या 129/26 दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा बुलाए जाने के बावजूद जब आरोपी थाने नहीं पहुंचा, तो एसआइ मीनू कुमारी धारा 35(3) के तहत नोटिस देने उसके घर गईं। इस दौरान आरोपी और उसके परिजन पुलिस से उलझ गए तथा गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की करने लगे।

इसके बाद पुलिस आरोपी गणेश दास को पकड़कर थाने ले आई। आरोपी गणेश दास जेएलकेएम एससी मोर्चा का जिला सचिव बताया जाता है।

विधायक की पैरवी से बढ़ा विवाद

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को छोड़े जाने की मांग को लेकर जेएलकेएम नेताओं ने विधायक जयराम महतो को फोन किया था। समर्थकों ने विधायक को सूचना दी कि थाना प्रभारी को फोन करने पर पुलिस भड़क गई है और गणेश दास की थाने में पिटाई की जा रही है।

इसके बाद जयराम महतो ने थाना प्रभारी को फोन कर नाराजगी जताई और कुछ देर में थाना पहुंचने की बात कही। कुछ देर बाद विधायक जयराम महतो समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाने पहुंचे।

वहां मौजूद बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार, धनबाद थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय और गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु कुमार राउत से विधायक ने मारपीट का कारण पूछते हुए उलझ गए।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों और विधायक के बीच करीब डेढ़ घंटे तक तीखी बहस हुई। विधायक नाराज थे कि उनके कार्यकर्ताओं को कैसे पकड़ लिया गया और उनके साथ मारपीट क्यों की गई।

थाने के चेंबर में ही भिड़े दोनों पक्ष

विधायक के थाने पहुंचने की खबर मिलते ही मुखिया यशोदा देवी के समर्थक भी बड़ापिछरी, कोरियाटांड़ और कसियाटांड़ समेत आसपास के गांवों से भारी संख्या में थाने पहुंच गए। मुखिया समर्थक थाना प्रभारी के चेंबर में घुस गए और विधायक से गलत व्यक्ति की पैरवी नहीं करने की बात कही।

इसी बीच विधायक जयराम महतो द्वारा मुखिया के पति आशुतोष रजक को चेंबर से बाहर जाने के लिए कहने पर विवाद और गहरा गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष चेंबर के अंदर ही भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें- MMDR Amendment Bill 2026: खनन से राज्यों की कमाई पर नहीं पड़ेगा असर, हर 1 रुपये में मिलेंगे 90 पैसे

बाद में पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद विधायक जयराम महतो को चेंबर से बाहर निकाला और उन्हें वहां से बाहर ले गई। पुलिस ने आरोपी गणेश दास पर सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में भी मामला दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें- धनबाद के जनप्रतिनिधियों में मेल नहीं, कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के जलसे से रेलवे ने खींचे हाथ

पुलिस ने गणेश दास को हिरासत में रखा है और शनिवार को उसे जेल भेजने की तैयारी है। दूसरी ओर, विधायक जयराम महतो ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

यह भी पढ़ें- बीसीसीएल के अतिरिक्त कर्मचारियों को कोल इंडिया की दूसरी कंपनियों में जाने का सुनहरा अवसर