BCCL में हाजिरी बनाकर गायब रहने वाले अफसरों-कर्मियों पर गिरेगी गाज, औचक निरीक्षण के लिए स्पेशल कमेटी गठित
बीसीसीएल में हाजिरी लगाकर ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी। प्रबंधन ने औचक निरीक्षण के लिए एक विशेष जांच टी ...और पढ़ें

भारत कोकिंग कोल लिमिटेड
HighLights
हाजिरी लगाकर ड्यूटी से गायब रहने वालों पर होगी कार्रवाई।
बीसीसीएल ने औचक निरीक्षण के लिए विशेष टीम बनाई।
अनुपस्थित पाए जाने पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई, कार्यसंस्कृति सुधरेगी।
जागरण संवाददाता, धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में हाजिरी बनाकर ड्यूटी से गायब रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल के निर्देश पर निदेशक (तकनीकी-प्रोजेक्ट एवं प्लानिंग) के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो विभिन्न क्षेत्रों, परियोजनाओं और कार्यालयों का औचक निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के दौरान यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी हाजिरी दर्ज कराने के बावजूद कार्यस्थल पर अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक जागरण ने लगातार किया खुलासा
यह मामला बीसीसीएल के लिए नया नहीं है। दैनिक जागरण ने इससे पहले भी फर्जी और बायोमीट्रिक हाजिरी में गड़बड़ी से जुड़े मामलों का लगातार खुलासा किया था। जागरण की पड़ताल और उसके बाद हुई विजिलेंस जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।
जांच में पाया गया था कि कई कर्मचारी बायोमेट्रिक या मैनुअल हाजिरी दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल से गायब हो जाते थे, जबकि कुछ मामलों में बिना काम पर पहुंचे भी उनकी उपस्थिति दर्ज कर दी जाती थी।
एजेंट और एक क्लर्क के खिलाफ चार्जशीट जारी
वर्ष 2025 में सीवी एरिया 12 की बसंतीमाता- दहीबाड़ी परियोजना में फर्जी हाजिरी का बड़ा मामला सामने आया था। विजिलेंस जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने के बाद एजेंट और एक क्लर्क के खिलाफ आरोपपत्र (चार्जशीट) जारी की गई थी।
जांच में 64 श्रमिकों की शिकायत सही पाई गई थी तथा कई श्रमिकों की 100 दिनों से अधिक अवधि तक मैनुअल हाजिरी दर्ज किए जाने का मामला उजागर हुआ था। इस खुलासे के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई भी हुई थी तथा कई अधिकारियों पर गाज गिरी थी। प्रबंधन ने कुछ कर्मचारियों का तबादला किया और विभागीय कार्रवाई भी शुरू की थी।
खबरें और भी
संगठन में निगरानी व्यवस्था और सख्त करने का निर्णय
अब एक बार फिर लगातार मिल रही शिकायतों और पूर्व की विजिलेंस रिपोर्ट को देखते हुए बीसीसीएल प्रबंधन ने पूरे संगठन में निगरानी व्यवस्था और सख्त करने का निर्णय लिया है।
गठित समिति में निदेशक (तकनीकी-प्रोजेक्ट एवं प्लानिंग) के अलावा अरिंदम मुस्तफी (महाप्रबंधक-समन्वय), एस.के. बेहरा (महाप्रबंधक), अभिषेक मिश्रा (सहायक महाप्रबंधक-जनसंपर्क), हरे कृष्ण साहू (वरिष्ठ प्रबंधक) तथा गौर सचान (प्रबंधक) को शामिल किया गया है।
अनियमितता पाए जाने पर होगी कार्रवाई
यह टीम बिना किसी पूर्व सूचना के खदानों, परियोजनाओं और कार्यालयों का निरीक्षण करेगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी हाजिरी दर्ज कराने के बाद ड्यूटी से गायब मिलता है या उपस्थिति में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो उसके खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बीसीसीएल प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से कार्यसंस्कृति में सुधार होगा, कर्मचारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और उत्पादन कार्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं, यह कार्रवाई इस बात का भी संकेत है कि दैनिक जागरण द्वारा पहले उजागर किए गए मामलों और विजिलेंस जांच में सामने आई अनियमितताओं के बावजूद यदि कहीं ऐसी प्रवृत्ति जारी है, तो अब उस पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।