विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद में जमीन विवाद में रिश्तों का खून, बाइक से जा रहे भतीजे की हत्या; चाचा और उसके भाई पर लगा आरोप

Published: Mon, 26 Oct 2026 11:31 AM (IST)

बरवाअड्डा के घोसकोडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर 45 वर्षीय दौलतराम महतो की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. बरवाअड्डा में जमीन विवाद को लेकर दौलतराम की निर्मम हत्या।

  2. रिश्ते के चाचा प्रोफेसर त्रिवेणी महतो पर हत्या का आरोप।

संवाद सहयोगी, बरवाअड्डा। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के तिलैया पंचायत अंतर्गत घोसकोडीह गांव में सोमवार की सुबह जमीन विवाद को लेकर चलते बाइक सवार 45 वर्षीय दौलतराम महतो की धारदार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दौलतराम महतो सोमवार सुबह लगभग 7:00 बजे अपनी बाइक संख्या: JH 10 DJ 3168 पर सवार होकर राजगंज आवश्यक सामान लाने जा रहे थे। गांव में किसी के यहां दसकर्म का कार्यक्रम था, जिसके लिए वे घर से निकले थे।

आरोप है कि गांव के ही रिश्ते में चाचा त्रिवेणी महतो और उनके भाई सूर्यकांत महतो ने पहले से ही रास्ते में घात लगा रखा था। जैसे ही दौलतराम घर से करीब 600 मीटर दूर घोसकोडीह पहुंचे, दोनों भाइयों ने उन्हें रोककर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन पर गंभीर वार किए जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना के वक्त पुनम देवी और सुमति देवी नामक दो महिलाएं वहां से गुजर रही थीं। अपनी आंखों के सामने इस हत्या को होते देख दोनों महिलाएं सहम गईं और तुरंत गांव की ओर भागकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के पीछे पुराना जमीन विवाद है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से बरवाअड्डा थाने में पहले से शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी। विवाद को सुलझाने के लिए गांव में तीन-चार बार पंचायती भी हुई थी, लेकिन बात नहीं बनी और रंजिश बढ़ती चली गई। चर्चा यह भी है कि मुख्य आरोपी त्रिवेणी महतो राजगंज कॉलेज में हिंदी के प्रोफेसर हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में रोष है और वे दोनों आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें- शिवा हत्याकांड: मॉडल श्रद्धा की मदद करने वाले आमिर समेत तीन चिह्नित, सीन रिक्रिएशन से खुलेगा राज

यह भी पढ़ें- 'सुसाइड के लिए गंगनहर ही क्यों आया?' परिवार को हत्या की आशंका; गाजियाबाद में मिला बुराड़ी से गायब युवक का शव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।