विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगैर तामझाम के दौड़ी नई धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस, भाजपा नेताओं ने सांसद ढुलू महतो को दिया श्रेय

Published: Sun, 23 Aug 2026 07:37 AM (IST)

Dhanbad Coimbatore Amrit Bharat Express: नई धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है, जो झारखंड और दक्षिण भारत के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने के मौके पर धनबाद स्टेशन पर उपस्थित भाजपा नेता संजय झा, जयप्रकाश सिंह और अन्य।

अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने के मौके पर धनबाद स्टेशन पर उपस्थित भाजपा नेता संजय झा, जयप्रकाश सिंह और अन्य।

HighLights

  1. धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू।

  2. झारखंड और दक्षिण भारत के बीच सीधी कनेक्टिविटी।

  3. साप्ताहिक ट्रेन से यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।

डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड के धनबाद और तमिलनाडु के प्रमुख शहर कोयंबटूर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी में विस्तार हुआ है। East Central Railway ने धनबाद-कोयंबटूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू की है। यह ट्रेन शनिवार 22 अगस्त को धनबाद रेलवे स्टेशन से शाम को 4:10 बजे कोयूंबटूर के लिए रवाना हुई।

गाड़ी संख्या 22363/22364 धनबाद-कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी। धनबाद से ट्रेन का परिचालन प्रत्येक शनिवार और वापसी में कोयंबटूर से प्रत्येक मंगलवार को होगा। कोयंबटूर से चलकर गुरुवार को दोपहर एक बजे धनबाद पहुंचेगी।

नहीं हुआ उद्घाटन समारोह 

आम ताैर पर नई ट्रेनों के परिचालन पर रेलवे उद्घाटन समारोह का आयोजन करता है। हालांकि नई अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन के अवसर पर धनबाद स्टेशन पर किसी तरह का समारोह का आयोजन नहीं हुआ। माना जा रहा है कि धनबाद भाजपा में गुटबाजी के कारण ऐसा हुआ। 

सांसद सर्मथकों ने किया स्वागत 

धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो के समर्थक ट्रेन के रवाना होने के मौके पर धनबाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने ट्रेन का स्वागत किया। साथ ही इसका श्रेय भाजपा सांसद ढुलू महतो को दिया। 

रेलवे के अनुसार, 22363 धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस शनिवार को शाम 4.10 बजे धनबाद स्टेशन से रवाना होगी। ट्रेन गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करते हुए दक्षिण भारत पहुंचेगी। यह ट्रेन सोमवार की शाम 6.30 बजे कोयंबटूर पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें- डुमरी विधायक जयराम महतो के सामने बरवाअड्डा थाने में फैटा-फैटी, JLKM नेता को जेल भेजेगी पुलिस

वहीं, वापसी में 22364 कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को कोयंबटूर से रवाना होगी और गुरुवार को दोपहर एक बजे धनबाद पहुंचेगी। इस नई ट्रेन से झारखंड, बिहार और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड और गया में ठहराव

धनबाद से खुलने के बाद ट्रेन शाम 4.40 बजे गोमो, 5.00 बजे पारसनाथ, 5.23 बजे हजारीबाग रोड, 6.02 बजे कोडरमा और शाम 7.30 बजे गया पहुंचेगी।

यह भी पढ़ें- धनबाद के जनप्रतिनिधियों में मेल नहीं, कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के जलसे से रेलवे ने खींचे हाथ

इसके बाद अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड और डीडीयू जंक्शन होते हुए आगे की यात्रा करेगी। ट्रेन के रूट में मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, काटपाड़ी, सलेम, इरोड और तिरुप्पुर समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।

22 कोच के साथ चली ट्रेन

नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 11 सामान्य श्रेणी, आठ स्लीपर कोच, एक पेंट्री कार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। नई ट्रेन के परिचालन से रोजगार, व्यवसाय, शिक्षा और इलाज के लिए दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

समय-सारिणी

धनबाद से प्रस्थान: शनिवार, शाम 4.10 बजे

गोमो: शाम 4.40 बजे
पारसनाथ: शाम 5.00 बजे
हजारीबाग रोड: शाम 5.23 बजे
कोडरमा: शाम 6.02 बजे
गया: शाम 7.30 बजे
डीडीयू जंक्शन: रात 10.40 बजे
कोयंबटूर आगमन: सोमवार, शाम 6.30 बजे

यह भी पढ़ें- रेलवे ने बदले कुत्तों के सफर के नियम, अब ट्रेन में आराम से यात्रा करेंगे आपके डॉगी