धनबाद में पुलिस का एक्शन: रात भर शहर के सभी बीयर बारों पर छापा, वाहनों की हुई जांच
धनबाद पुलिस ने शुक्रवार रात शहर के बीयर बारों में ताबड़तोड़ छापेमारी की और जिले भर में वाहन जांच अभियान चलाया। ...और पढ़ें
-1783141310323_m.webp)
बार की जांच करती धनबाद पुलिस
HighLights
धनबाद पुलिस ने रात में बीयर बारों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
जिले भर में 1447 वाहनों की सघन जांच की गई।
अपराधियों में खौफ पैदा करने को चलाया गया अभियान।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद पुलिस ने शुक्रवार की देर रात पूरी तरह से अपने फार्म में दिखी। शहर के बीयर बार में ताबड़तोड़ छापामारी के साथ ही जिले भर में वाहन जांच अभियान चलाया गया।
शहर में जहां डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय के नेतृत्व में विभिन्न बीयर बारों में औचक छापेमारी की गई, वहीं जिले भर में 1447 वाहनों की जांच की गई और संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ हुई। इस अभियान को चलाने का मकसद अपराधियों में खौफ पैदा करना है, ताकि किसी वारदात को होने से रोका जा सके।
बारों का निरीक्षण, ग्राहकों से भी पूछताछ : छापामारी के दौरान कुकून, डी-थ्री, यार्क, लक्सस समेत कई बीयर बारों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने बार संचालकों के लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेजों एवं संचालन संबंधी नियमों की जांच की।

संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बार में आने वाले प्रत्येक ग्राहक का नाम, मोबाइल नंबर, प्रवेश एवं निकास का समय अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल जानकारी उपलब्ध हो सके। पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से नाबालिगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया।

साथ ही यह भी कहा गया कि बिना पहचान सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाए। बार परिसर में सीसीटीवी कैमरे सुचारु रूप से कार्यरत रखने, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सुरक्षा मानकों का पालन करने की भी हिदायत दी गई।
खबरें और भी
अभियान के दौरान पुलिस ने बारों में मौजूद ग्राहकों से भी पूछताछ की और उनकी पहचान का सत्यापन किया। संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से आवश्यक जानकारी ली गई।
अधिकारियों ने संचालकों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी भी बार में नियमों की अनदेखी, अवैध गतिविधि, नाबालिगों की मौजूदगी अथवा सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाई गई तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में वाहन और लोगों की हुई जांच
इस दौरान कुल 1447 वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस द्वारा वाहनों के कागजातों का सत्यापन किया गया तथा वाहन चालकों से आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जिन वाहनों के कागजात सही नहीं पाए गए उन्हें आवश्यक निर्देश भी दिए गए और चालान भी काटा गया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और उनकी पहचान का सत्यापन किया गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखना तथा सार्वजनिक स्थलों पर कानून का सख्ती से पालन कराना है।
प्रकाश सोय, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था धनबाद