Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश में नहीं भीगेंगे ट्रैफिक जवान, धनबाद के प्रमुख चौराहों पर बनेंगे आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 11:36 PM (GMT+05:30)

    धनबाद पुलिस शहर के प्रमुख चौराहों पर लगभग दो दर्जन आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट बनाने की योजना बना रही है, जिससे बारिश और धूप में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मिय ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. धनबाद में दो दर्जन आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट बनेंगे।

    2. पुलिसकर्मियों को बारिश और धूप से मिलेगी राहत।

    3. बूथ इंसुलेटेड, अग्निरोधी, चार पुलिसकर्मियों के लिए।

    जागरण संवाददाता, धनबाद। पिछले कुछ दिनों से शहर में लगातार बारिश के बीच चौक-चौराहों पर घंटों भीगकर ड्यूटी करने को मजबूर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की परेशानी अब दूर होने वाली है।

    कई स्थानों पर स्थायी ट्रैफिक पोस्ट नहीं होने से जवान बारिश और तेज धूप से बचने के लिए दुकानों या अस्थायी छत का सहारा लेते हैं।

    इन्हीं समस्याओं को देखते हुए धनबाद पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर तकरीबन दो दर्जन आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट बनाने की योजना धरातल पर उतारने की कोशिश में जुटी है।

    पुलिस की इस योजना का एक उदाहरण कुछ दिन पूर्व सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित गोल बिल्डिंग के पास हेलमेट के आकार के अत्याधुनिक ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन देखने को मिला था।

    बनाए जाएंगे ट्रैफिक बूथ

    उसी प्रकार शहर के कई जगहों पर ट्रैफिक बूथ बनाए जाएंगे। बूथ पूरी तरह इंसुलेटेड, अग्निरोधी और मजबूत अनब्रेकेबल ग्लास से तैयार किया जाएगा। इसमें एक साथ चार पुलिसकर्मियों के बैठने और ड्यूटी करने की व्यवस्था रहेगी।

    शहर में मेमको मोड़, पूजा टाकिज, श्रमिक चौक, रणधीर वर्मा चौक, विनोद बिहारी चौक, बैंकमोड़, गोविंदपुर, निरसा, कतरास, केंदुआ समेत कई जगहों को ट्रैफिक पोस्ट के लिए चिह्नित किया गया है।

    यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए जरूरत के आधार पर ट्रैफिक में प्रशिक्षत जवानों के साथ पुलिस अफसरों की भी प्रतिनियुक्ति की जा रही है। पुलिस का मानना है कि आधुनिक ट्रैफिक पोस्ट बनने से बारिश और धूप में ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत मिलेगी, साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होगी।

    यह भी पढ़ें- धनबाद में बिजनेस लोन न चुकाने पर बैंक का सख्त एक्शन, कर्जदार का मकान सील करने की प्रक्रिया शुरू