अभिनेता जावेद पठान ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात, फिल्म सिटी पर हुई अहम चर्चा
अभिनेता जावेद पठान ने रांची में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में फिल्म उद्योग के विकास और फिल्म सिटी के निर्म ...और पढ़ें

अभिनेता जावेद पठान को सम्मानित करते झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो और साथ में विधायक मथुरा महतो। (फोटो साैजन्य)
HighLights
अभिनेता जावेद पठान ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात की।
झारखंड में फिल्म सिटी और संस्थान के निर्माण पर चर्चा हुई।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच, बढ़ेगा राज्य का फिल्म उद्योग।
जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद की माटी से निकलकर मायानगरी मुंबई में अपनी खास पहचान बनाने वाले अभिनेता जावेद पठान गुरुवार को रांची पहुंचकर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो से मुलाकात की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने जावेद पठान को शाल एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
मौके पर विधायक मथुरा प्रसाद महतो एवं विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन भी विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान राज्य में फिल्म उद्योग के विकास और फिल्म सिटी/संस्थान के निर्माण को लेकर विशेष चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने झारखंड में फिल्म सिटी और फिल्म इंस्टीट्यूट के निर्माण की दिशा में कदम उठाने तथा राज्य की कला-संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि झारखंड में प्राकृतिक सुंदरता और नैसर्गिक लोकेशनों की कोई कमी नहीं है ऐसे में फिल्म सिटी बनने से राज्य के प्रतिभावान युवाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए एक मजबूत मंच मिलेगा।
अभिनेता जावेद पठान ने राज्य सरकार द्वारा फिल्म इंस्टीट्यूट और कला को प्रोत्साहन देने के इस निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि झारखंड शूटिंग के लिहाज से बेहद खूबसूरत राज्य है। राज्य में फिल्म सिटी बनने से न सिर्फ बालीवुड का ध्यान झारखंड की ओर आकर्षित होगा बल्कि स्थानीय कलाकारों के लिए भी मायानगरी का रास्ता आसान हो जाएगा।
धनबाद के बनियाहीर से शुरुआती शिक्षा प्राप्त करने वाले जावेद पठान मार्शल आर्ट्स में ब्लैक बेल्ट हैं और पिछले 19 वर्षों से अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं।
यह भी पढ़ें- धनबाद के लिए धड़कता है बॉलीवुड अभिनेता जावेद पठान का दिल, लेकिन हवाईअड्डे की कमी का मलाल
'देवों के देव महादेव' और 'जोधा अकबर' जैसे बहुचर्चित धारावाहिकों से घर-घर में पहचान बनाने वाले जावेद जल्द ही दो बड़ी फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए ओटीटी व बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उनका सपना अपने गृह राज्य झारखंड में एक बेहतरीन फिल्म का निर्माण करना है।