यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'ED के समन पर सवाल अब बासी', दुमका में हेमंत सोरेन का केंद्र पर प्रहार, कहा- देश की जनता सब देख रही है
दुमका में हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किया है। जब दिल्ली के मुख्यमंत्री को ईडी का समन भेजे जाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जहा ...और पढ़ें

HighLights
- समय आने पर आईएनडीआईए में हो जाएगा सीटों का बंटवारा- सीएम
- दुमका में शीघ्र खुलेगा कॉमर्शियल फ्लाइट एकेडमी- हेमंत सोरेन
राजीव, दुमका। सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को दुमका एयरपोर्ट से पलामू रवाना होने के पहले यहां बातचीत के क्रम में कहा कि ईडी पर सवाल अब बासी हो चुका है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी का समन भेजे जाने पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने सपाट अंदाज में कहा कि देश में जहां भी गैर भाजपा शासित सरकारें हैं, वहां केंद्र की सरकार क्या कर रही है यह किसी से छुपी हुई बात नहीं है।
सीएम ने आगे कहा कि देश की जनता सबकुछ देख और समझ रही है। लोकतंत्र की क्या स्थिति है यह भी हर कोई देख व समझ रहा है। अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार के सबसे बड़े विरोधी हैं।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि अब आप हमसे भी सवाल पूछेंगे कि आपको भी ईडी ने समन किया है तो इसका यही जवाब है कि यह सवाल अब बासी हो चुका है। वैसे भी जिन्होंने हमें सत्ता में बैठाया है। हम उनके पास अपनी बातों को रखेंगे, आपके समक्ष चर्चा करने से कोई फायदा नहीं होने वाला है।
लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के सवाल पर क्या कहा
लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समय आने पर सबकुछ तय हो जाएगा। कांग्रेस की नौ सीटों पर दावेदारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह तमाम बातें आइएनडीआइए के फोरम पर होगी। अगर कोई कुछ कहता है तो इसके कोई खास मायने-मतलब नहीं है।
सभी दल चुनाव की तैयारी करते हैं और सबको करना भी चाहिए। आइएनडीआइए एकजुट है और मजबूती से लोकसभा चुनाव लड़ा जाएगा।
'15 नवंबर होगा खास, एक दिन को मत काउंट करें'
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वैसे तो 15 नवंबर हर साल खास होता है, लेकिन इस बार खास और जोरदार भी होगा। उनकी सरकार चार साल से लगातार जनहित में काम कर रही है।
खबरें और भी
इस साल तो पूरे सरकार ही खास रही है। इस बार इसमें एक दिन को मत काउंट कीजिए। सरकार की कार्यप्रणाली को भी देखिए। हर एक कैबिनेट की बैठक अपने आप में दमदार रहा है। लोग सोचते रहे हैं कि इस बार के कैबिनेट में क्या बम फूटने वाला है। कहा कि 15 नवंबर की तैयारियां जोरदार तरीके से चल रही है।
'दुमका में जल्द खुलेगा कॉमर्शियल फ्लाइट एकेडमी'
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दुमका में जल्द ही कॉमर्शियल फ्लाइट एकेडमी की स्थापना होगी। राज्य सरकार के स्तर से इसके लिए तमाम तैयारियां अंतिम चरण में है। चूंकि इसके लिए केंद्र की सिविल एविएशन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की भी भूमिका अहम है। इसलिए थोड़ा विलंब हो रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार से पत्राचार का दौर जारी है।