Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    SIR काम में वसूली पड़ी महंगी: गढ़वा में 'खर्चा-पानी' मांगती सेविका का वीडियो वायरल; BLO पद से हटाई गई

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 02:47 PM (IST)

    गढ़वा में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान मतदाताओं से पैसे वसूलने के आरोप में आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून को बीएलओ पद से हटा दिया गया है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. आंगनबाड़ी सेविका पर मतदाताओं से पैसे वसूलने का आरोप।

    2. वायरल वीडियो के आधार पर जिला प्रशासन ने की कार्रवाई।

    3. जांच में आरोप सही पाए जाने पर बीएलओ पद से हटाया।

    संवाद सूत्र, रंका (गढ़वा)। रंका अनुमंडल क्षेत्र के खपरो गांव के गोरेयाबांध की टोले की आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान मतदाताओं से पैसे वसूलने के आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है।

    सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला तोपनो की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला निर्वाचन शाखा गढ़वा ने ज्ञापांक संख्या 230 दिनांक 10 जुलाई 2026 के माध्यम से उप विकास आयुक्त गढ़वा को संबंधित आंगनबाड़ी सेविका के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें चयनमुक्त करने का निर्देश जारी किया है।

    मिली जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदान केंद्र संख्या 383 पर बीएलओ के कार्य में लगी आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून द्वारा खर्चा पानी के नाम पर पैसा मांगे जाने संबंधी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

    वीडियो में उन पर प्रत्येक मतदाता से पचास रुपये लेने का आरोप लगाया गया था जिसके बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में आया मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम बेला तोपनो ने जांच कराई जांच प्रतिवेदन में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद जांच रिपोर्ट जिला निर्वाचन शाखा को भेजी गई थी

    खबरें और भी

    जिला निर्वाचन शाखा ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित आंगनबाड़ी सेविका को बीएलओ के कार्य से तत्काल मुक्त करने तथा उनके विरुद्ध आंगनबाड़ी सेविका पद से चयनमुक्ति की कार्रवाई करने का निर्देश उप विकास आयुक्त, गढ़वा को जारी किया है

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता धन उगाही अथवा मतदाताओं से अवैध वसूली को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी

    इस कार्रवाई के बाद निर्वाचन कार्य में लगे अन्य बीएलओ एवं कर्मियों के बीच भी प्रशासन का स्पष्ट संदेश गया है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- हजारीबाग में हाथियों के हमले से ग्रामीण की मौत, गांव में दहशत

    यह भी पढ़ें- शादी से 3 दिन पहले गायब युवक का बिहार में मिला शव, गिरिडीह में लोगों ने शव रखकर सड़क किया जाम