Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गढ़वा में उद्घाटन से पहले ही दरकने लगी सड़क, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल; जांच की मांग

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 01:30 PM (IST)

    गढ़वा के बड़गड़ प्रखंड में कनहर नदी पर बन रहे 9 करोड़ के पुल की अप्रोच सड़क उद्घाटन से पहले ही फटने लगी है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उ ...और पढ़ें

    एप्रोच सड़क में उखड़ती पिच को दिखाते ग्रामीण

    एप्रोच सड़क में उखड़ती पिच को दिखाते ग्रामीण

    HighLights

    1. कनहर नदी पर 9 करोड़ का पुल निर्माण अंतिम चरण में।

    2. उद्घाटन से पहले अप्रोच सड़क में दरारें, गुणवत्ता पर सवाल।

    3. ग्रामीणों ने उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।

    संवाद सूत्र, बड़गड़ (गढ़वा)। बड़गड़ प्रखंड के उगरा गांव स्थित कनहर नदी पर लगभग नौ करोड़ रुपये की लागत से बन रहा उच्च स्तरीय पुल निर्माण के अंतिम चरण में है। पुल का उद्घाटन अभी होना बाकी है, लेकिन उससे पहले ही पुल के दोनों ओर बनाई गई अप्रोच सड़क का कालीकरण कई स्थानों पर फटने और उखड़ने लगा है। सड़क पर जगह-जगह दरारें पड़ने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

    ग्रामीणों का कहना है कि अप्रोच सड़क का निर्माण हाल ही में पूरा किया गया है, लेकिन कुछ ही दिनों में डामर की परत उखड़ने लगी है। कई स्थानों पर सड़क में दरारें भी दिखाई दे रही हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके कारण उद्घाटन से पहले ही सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी।

    ग्रामीण वसीम अंसारी, कमल हुसैन, बदरुल अंसारी, संतोष सोनी, परवेज अंसारी, अमरसाय टोप्पो, दिलीप लकड़ा और सरफराज अंसारी ने निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

    उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत एवं गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो बरसात में स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे पुल से आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

    ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से पुल एवं अप्रोच सड़क का तकनीकी निरीक्षण कराकर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है, ताकि करोड़ों रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना का लाभ क्षेत्र की जनता को सुरक्षित एवं लंबे समय तक मिल सके।

    खबरें और भी

    क्या कहते हैं संवेदक

    पुल निर्माण के संवेदक मनोज सिंह ने कहा कि अप्रोच सड़क के नीचे नई मिट्टी भरी गई है। मिट्टी धंसने के कारण कुछ स्थानों पर सड़क में दरारें आई हैं। यदि कहीं कालीकरण भी प्रभावित हुआ है तो उसका निरीक्षण कर दोनों समस्याओं का शीघ्र समाधान करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी निर्माण कार्य चल रहा है समाप्त नहीं हुआ है।

    यह भी पढ़ें- देवघर में श्रावणी मेला की तैयारी तेज: कॉरिडोर-होल्डिंग प्वाइंट हो रहा निर्माण, गर्भगृह में मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक

    यह भी पढ़ें- पलामू में सरकारी स्कूल के कंप्यूटर लैब का ताला तोड़कर उड़ाए डेस्कटॉप, CPU और UPS; जांच में जुटी पुलिस