गोड्डा में संदिग्ध परिस्थिति में दो मजदूरों की मौत, 5 बीमार, तालाब में नहाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
गोड्डा के महागामा अनुमंडल के कोयला गांव के दो मजदूरों की सुंदरपहाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बीमार पड़ गए। ...और पढ़ें

संदिग्ध परिस्थिति में दो मजदूरों की मौत ( प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
गोड्डा में दो मजदूरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
तालाब में स्नान के बाद पांच अन्य मजदूर बीमार पड़े।
प्रशासन मौत के कारणों की गहन जांच कर रहा है।
जागरण टीम, गोड्डा। महागामा अनुमंडल के परसा पंचायत स्थित कोयला गांव के दो मजदूरों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर बीमार पड़ गए। सभी मजदूर सुंदरपहाड़ी प्रखंड के डमरू गांव में सड़क निर्माण कार्य करने गए थे। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कोयला गांव के सात मजदूर मुहर्रम के दौरान सड़क निर्माण कार्य के लिए सुंदरपहाड़ी के डमरू गांव गए थे। कार्यस्थल के पास तेतरिया गांव के एक विद्यालय में उनका ठहराव था।
इलाज के दौरान दो की मौत
रविवार को काम समाप्त करने के बाद सभी मजदूर तेतरिया गांव के एक तालाब में स्नान करने गए। इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। बीमार मजदूरों को इलाज के लिए अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सूरज मांझी और चंदन मांझी की मौत हो गई।

दोनों कोयला गांव के मांझी टोला के निवासी थे। अन्य पांच मजदूरों में दो का इलाज महागामा, एक का नरैनी में चल रहा है, जबकि तीन मजदूर प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर लौट चुके हैं।
तलाब में नहाने के बाद बिगड़ी तबीयत
मृतक सूरज मांझी के पिता प्रकाश मांझी ने बताया कि तालाब में स्नान करने के बाद सभी मजदूरों की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सूरज परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक और भावनात्मक संकट गहरा गया है।
सोमवार को गांव में ही दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के लिए हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार ने आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
मौत के कारणों की जांच जारी
घटना की सूचना मिलने पर सिविल सर्जन डा. सुभाष चंद्र शर्मा ने सुंदरपहाड़ी पहुंचकर तेतरिया गांव के तालाब और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में केवल तालाब में स्नान को मौत का कारण नहीं माना जा सकता। मजदूर कई दिनों से सुंदरपहाड़ी क्षेत्र में रहकर काम कर रहे थे, जहां फूड प्वाइजनिंग, मलेरिया या अन्य संक्रमण की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
खबरें और भी
तालाब में ग्रामीण नियमित रूप से स्नान करते हैं। इसलिए केवल स्नान को मौत का कारण नहीं माना जा सकता। सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। समय पर उचित इलाज नहीं मिलने की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। - डॉ सुभाष चंद्र शर्मा, सिविल सर्जन , गोड्डा
यह भी पढ़ें- नाबालिग को कॉफी के बहाने बुलाया, नशीला पदार्थ पिलाकर किया गंदा काम; गोड्डा में मतांतरण से इनकार पर फोटो वायरल