JPSC परीक्षा में धांधली का मास्टरमाइंड गोड्डा से गिरफ्तार, एजेंसी का मैनेजर बनकर पास की 6 परीक्षाएं, ₹5 लाख बरामद
झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में धांधली के मुख्य आरोपी पोडै़याहाट एमओ मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें
-1784719751681_m.webp)
मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी की फाइल फोटो। साभार- सोशल मीडिया
HighLights
जेपीएससी परीक्षा धांधली का मुख्य आरोपी एमओ गिरफ्तार।
पोडै़याहाट एमओ मनोज तिवारी रांची पुलिस के हत्थे चढ़ा।
आरोपी से पांच लाख रुपये बरामद, रांची ले जाया गया।
अविनाश, गोड्डा। झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में गड़बड़ी कर फर्जी तरीके से नौकरी लेने के मुख्य आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूरे मामले का सूत्रधार पोडै़याहाट एमओ मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी की गिरफ्तारी मंगलवार की देर रात हुई।
रांची पुलिस व सीआईडी की टीम ने उक्त आरोपित को गिरफ्तार किया। उसे रांची ले जाया गया है। आरोपित मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी पोडै़याहाट में एमओ के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, आरोपित के पास से पुलिस को तकरीबन पांच लाख रुपये भी बरामद की है। आरोपित एमओ मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी जेपीएससी की परीक्षाएं संचालित करने वाली एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड में मार्केटिंग मैनेजर के पद पर काम करता था। रांची के नगड़ी थाना में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
पूरी कार्रवाई राज्य सरकार के निर्देश पर की गई है। इसमें जेपीएससी के कर्मी सहित उक्त कंपनी के सभी लोगों पर कार्रवाई हुई है। पोडै़याहाट एमओ बनने से पहले मनोज कुमारी तिवारी उर्फ अभय तिवारी उक्त कंपनी में ही मार्केटिंग मैनेजर के पद पर रहते हुए कई परीक्षाओं को संचालित किया था जिसमें उसने स्वयं छह परीक्षाओं में सफलता पाई थी।
सूत्रों के अनुसार मनोज कुमार तिवारी के कई सगे संबंधी भी झारखंड सरकार के कई विभागों में सरकारी कर्मी और अधिकारी बन कर अपनी सेवा दे रहे हैं। अब नए सिरे से जांच एजेंसियां इसे खंगालने में लगी हुई है।
खबरें और भी
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस व अन्य जांच एजेंसियों के द्वारा परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड के रांची स्थित कार्यालय को भी सील कर दिया गया है तथा उसमें काम करने वाले सभी कर्मियों की जांच पड़ताल की जा रही है। इसमें से एक कर्मी गोड्डा में एमओ के पद पर कार्यरत मिला। उसे देर रात पुलिस ने हिरासत में लिया और अपने साथ रांची ले गई।
बहाली के बाद पोडै़याहाट एमओ का संभाला था पदभार
सीजीएल की परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी सीधे गोड्डा के पोडै़याहाट में एमओ के पद पर योगदान दिया था। बीते अप्रैल माह में वह यहां आकर योगदान दिया था। तब से पोडै़याहाट एमओ के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, सीजीएल की परीक्षा में पूरे राज्य भर में मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी काे दूसरा रैंक मिला था।मंगलवार की देर रात हुए गिरफ्तारी के बाद पोडै़याहाट प्रखंड में बुधवार को पूरे दिन इसकी चर्चा होती रही।
वहीं गोड्डा जिला आपूर्ति कार्यालय में भी गिरफ्तारी को लेकर अधिकारी व कर्मी एक दूसरे से गुफ्तगू करते दिखे। पोड़ैयाहाट बांझी रोड में किराए पर रह रहे मार्केटिंग आफिसर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय तिवारी की रात दो बजे सीआइडी व रांची पुलिस ने हिरासत में लिया है।
झारखंड राज्य कर्मचारी आयोग में ब्लैक लिस्टेड आउटसोर्सिंग कंपनी टीडीपीएल का मार्केटिंग मैनेजर रहा मनोज तिवारी उर्फ अभय तिवारी ने अब तक चार बार झारखंड स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता पाई थी।
यह भी पढ़ें- 14वीं JPSC अनियमितताओं पर रांची में BJYM का प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यालय का कर रहे घेराव
यह भी पढ़ें- JCECEB झारखंड पॉलिटेक्निक लेटरल एंट्री का रिजल्ट जारी, सेकंड ईयर में सीधे एडमिशन के लिए काउंसलिंग शुरू
गिरफ्तारी की सूचना जिला स्तर पर किसी को नहीं है। हमें भी इसकी जानकारी नहीं है। इधर उधर से सूचना मिली है कि एमओ को किसी मामले में गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी ली जा रही है। तत्काल पोडै़याहाट एमओ के पद पर किसी की प्रतिनियुक्ति नहीं की गई है। जल्द ही किसी को वहां प्रतिनियुक्त किया जाएगा।
निशा तिर्की, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गोड्डा।