गुमला में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा 15 वर्षीय छात्र, करने जा रहा था आत्माहत्या, पुलिस और ग्रामीणों ने बचाई जान
गुमला के भरनो में एक 15 वर्षीय छात्र ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फांसी लगाने का प्रयास किया। पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से छात्र को बचा लिया गय ...और पढ़ें
HighLights
15 वर्षीय छात्र ने हाईटेंशन टावर पर आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस और ग्रामीणों ने समय रहते छात्र की जान बचाई।
जागरण संवाददाता, गुमला। गुमला के भरनो थाना क्षेत्र के बोडोटोली बगीचा के समीप शुक्रवार अहले सुबह एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्र ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
हालांकि समय रहते पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से छात्र की जान बच गई। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना में घायल छात्र की पहचान मलगो बरटोली निवासी नंदू उरांव के 15 वर्षीय पुत्र मनीष उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मनीष गुरुवार शाम से ही घर से बिना किसी को बताए निकला हुआ था।
वह बोडोटोली गांव के एक दुकान के पास देखा गया था। देर रात उसका एक मित्र उसे बोडोटोली बगीचा के पास छोड़कर चला गया, ताकि वह अपने घर लौट जाए। हालांकि मनीष घर नहीं गया और वहीं आसपास रुक गया।
शुक्रवार तड़के उसने बगीचा के समीप स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर लगभग 15 फीट ऊपर चढ़कर गमछे के सहारे फांसी लगाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ते ही तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। उस समय वह अचेत अवस्था में था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
मनीष ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।