विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली पुलिस ने इस्लामिक स्टेट के 3 आतंकियों को किया गिरफ्तार, एक ने लव मैरिज कर पत्नी को भी बनाया आतंकी

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Tue, 03 Oct 2023 11:00 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने आईएस के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकियों में से दो पिता स्कूल टीचर हैं। ...और पढ़ें

शिक्षक के बेटों ने आतंकी बन पिता का नाम किया बदनाम।
शिक्षक के बेटों ने आतंकी बन पिता का नाम किया बदनाम।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस ने इस्लामिक स्टेट के 3 आतंकियों को किया गिरफ्तार।
  2. स्कूल में शिक्षक हैं दो आतंकियों के पिता।
  3. एक ने लव मैरिज कर पत्नी को भी बनाया आतंकी।

जागरण संवाददाता, हजारीबाग। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के तीन आतंकियों शाहनवाज आलम उर्फ सफीउज्जमा, अरशद वारसी और रिजवान अब्दुल हाजी अली को गिरफ्तार किया है।

इनमें दो आतंकियों शाहनवाज और अरशद के पिता शिक्षक हैं। इन दो बेटों ने अपने कुकृत्य से शिक्षक पिता का सिर झुकाकर उन्हें बदनाम कर दिया।

शाहनवाज के पिता सफीक उज्जमा खान केएन इस्लामिया मिडिल स्कूल हजारीबाग के प्रधानाध्यापक रह चुके हैं, जबकि अरशद के पिता वारिस खान राजकीय उच्च विद्यालय, गढ़वा में शिक्षक हैं।

जेल से छूटा, IS से जुड़ गया

लगभग तीन साल पहले हजारीबाग पुलिस ने शाहनवाज को साल 2020 में उसे और उसके दो साथियों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

2021 में जेल से बाहर आने के बाद पिता ने उसे फटकार लगाई, तो वह दिल्ली चला गया। इसके बाद कब देश विरोधी लोगों से जुड़ गया, किसी को इसकी जानकारी नहीं है।

प्रेम विवाह कर पत्नी को बनाया आतंकी

शहनवाज की प्रारंभिक पढ़ाई संत जेवियर विद्यालय, हजारीबाग में हुई थी। उसने विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी संस्थान, पुणे से माइनिंग में इंजीनियरिंग की है।

अहमदाबाद की रहने वाली माइनिंग इंजीनियर बसंती पटेल से प्रेम विवाह किया। धर्म परिवर्तन करा मरियम नाम दिया और उसे कट्टरपंथी बना दिया। वह आतंक विरोधी गतिविधियों में साथ देती थी। अब फरार है।

अलीगढ़ में पढ़ाई के दौरान आईएस से जुड़ा

अरशद ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से बीटेक की डिग्री ली है। कहा जा रहा है कि वह वहीं पर वह राष्ट्रविरोधी तत्वों के संपर्क में आया। इसके बाद आईएस के लिए काम करना शुरू कर दिया। अरशद ने गढ़वा में पांचवीं तक की पढ़ाई की।

प्रीतिभोज में फोटोग्राफी पर लगा रखी थी पाबंदी

अरशद ने 2021 में मुरादाबाद की एक लड़की से प्रेम विवाह किया। गढ़वा में प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस दौरान अरशद ने फोटोग्राफी पर रोक लगा रखी थी। वह दिल्ली में ही रहता था। कभी-कभी त्योहार के मौके पर गढ़वा आता था।

मुरादाबाद में जाल फैला रहा था अरशद

आतंकी अरशद मुरादाबाद मंडल में भी अपना जाल फैला रहा था। क्षेत्र में उसकी सक्रियता की आशंका को लेकर यूपी एटीएस के साथ अन्य एजेंसियां भी सतर्क हो गई है।

टीम ने उसके ससुरालजनों से पूछताछ की, उसके करीबी लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। झारखंड के निवासी अरशद ने मुरादाबाद की जैनब से निकाह किया।

अरशद ने 2004 में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में बीटेक में प्रवेश लिया था। इनके एक बेटा भी है। वारसी के ससुर हैंडीक्राफ्ट की डिजाइन तैयार करते हैं।

पता चला है कि अरशद अक्सर ससुराल आता रहता था। मुरादाबाद, बिजनौर और संभल आतंकियों की पहले भी पनाहगाह रहे हैं।

आशंका है कि वारसी ने मुरादाबाद के अलावा आसपास के जिलों में भी स्लीपर सेल से संपर्क किया होगा। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आतंकी गतिविधियों में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है।

IS के तीनों आतंकियों को रिमांड पर लेगी एनआईए

ब्यूरो, रांची। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के हाथों गिरफ्तार आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के तीनों आतंकियों को रांची एनआईए रिमांड पर लेगी। इस बाबत जल्द ही एनआईए की एक टीम दिल्ली जाएगी।

एनआईए की तैयारी तीनों को रिमांड पर लेने के बाद इसी वर्ष जुलाई में झारखंड के लोहरदगा से गिरफ्तार फैजान से उनके रिश्ते खंगालने की है। फैजान ने भी अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पढ़ाई की है।

यह भी पढे़ं: Jharkhand: मासूम किशोरियों के साथ दो दिनों तक दुष्कर्म करते रहे 6 दरिंदे, घर छोड़ने के बहाने बैठाया था बाइक पर

झारखंड: दुष्कर्म के विचाराधीन कैदी ने धारदार हथियार से काटा अपना गला, बाल सुधार गृह से जेल भेजने की थी तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।