अब आदित्यपुर स्टेशन पर रुकेंगी एक्सप्रेस ट्रेनें, टाटानगर की दौड़ खत्म; मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
Jharkhand दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम एके मिश्रा के औचक निरीक्षण के बाद आदित्यपुर स्टेशन का कायाकल्प होगा। जल्द ही यहां कई एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव श ...और पढ़ें

आदित्यपुर स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, मिलेंगी लिफ्ट-एस्केलेटर सुविधाएं।
HighLights
जीएम के निरीक्षण से आदित्यपुर स्टेशन का होगा कायाकल्प।
एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से लाखों यात्रियों को मिलेगी राहत।
लिफ्ट, एस्केलेटर, एफओबी और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं।
संवाद सूत्र, आदित्यपुर। एशिया की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी आदित्यपुर के निवासियों और यहां काम करने वाले लाखों मजदूरों के लिए बड़ी खबर है। अब उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए टाटानगर स्टेशन की दौड़ नहीं लगानी होगी।
जल्द ही आदित्यपुर रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) एके मिश्रा ने आदित्यपुर स्टेशन का औचक निरीक्षण किया और यात्री सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने के निर्देश दिए।
जीएम मिश्रा के निरीक्षण के बाद आदित्यपुर स्टेशन के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। स्टेशन पर अब बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) लगाई जाएंगी।
इसके साथ ही प्लेटफार्म पर धूप और बारिश से बचाव के लिए नए शेड और एक आधुनिक फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे गंभीर है।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर सहमति बनी है। जीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने जीएम को स्टेशन की वर्तमान स्थिति और यात्रियों की बढ़ती मांग से अवगत कराया।
अधिकारियों ने बताया कि आदित्यपुर में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि टाटानगर स्टेशन पर भीड़ का दबाव भी कम होगा। रेलवे जल्द ही उन ट्रेनों की सूची जारी कर सकता है, जिनका ठहराव यहां प्रस्तावित है।