विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DD Bar मर्डर केस: हिमांशु की हत्या के बाद हरकत में पुलिस, जमशेदपुर के पब-बार के लाइसेंस की होगी जांच

By Jitendra SinghEdited By: Shashank Baranwal
Published: Thu, 02 Jul 2026 05:54 PM (IST)

जमशेदपुर में हिमांशु सिंह की नृशंस हत्या के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एडीजी मनोज कौशिक ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस प्रशासन सख्त।

  2. एडीजी मनोज कौशिक ने बार लाइसेंस जांच के दिए आदेश।

  3. नशे और अपराध के गठजोड़ को तोड़ने का प्रयास।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की नृशंस हत्या के बाद पुलिस महकमा पूरी तरह से हरकत में आ गया है। मंगलवार को एसएसपी को पद से हटाए जाने के बाद, अब शहर के सभी पब और बार पुलिस के निशाने पर हैं। एडीजी मनोज कौशिक ने सख्त रुख अपनाते हुए 24 घंटे के भीतर सभी पब और बार के लाइसेंस की सघन जांच का अल्टीमेटम जारी किया है।

प्रशासन ने शहर में नशे और अपराध के गठजोड़ को तोड़ने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में कैंप कर रहे दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र (रांची) के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) मनोज कौशिक ने पूर्वी सिंहभूम नगर क्षेत्र के सभी डीएसपी और थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।

आदेश के तहत, थाना क्षेत्रों में संचालित सभी पब और बार के लाइसेंस की शर्तों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। यदि कोई संचालक नियमों की अनदेखी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई होगी। जांच की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को सौंपी जाएगी।

ज्ञात हो कि 27 जून को बिष्टुपुर के डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की सरेआम चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी।

इस दुस्साहसिक वारदात के बाद शहर में भारी बवाल और प्रदर्शन हुआ था। बिगड़ती कानून-व्यवस्था को देखते हुए सरकार ने मंगलवार को तत्कालीन एसएसपी पीयूष पांडेय को पद से हटा दिया और नए एसएसपी एहतेशाम वकारिब को कमान सौंपी गई।

गुरुवार को हिमांशु के परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एडीजी, कोल्हान डीआइजी और नए एसएसपी से मुलाकात की। पुलिस के आला अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है, छह एसआइटी गठित की गई हैं और मुख्य आरोपी पर दो लाख रुपये का इनाम रखा गया है। परिजनों ने भी पुलिस की वर्तमान कार्रवाई की दिशा पर संतोष जताते हुए जांच में पूरे सहयोग का भरोसा दिया है।

यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड: फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को छह एसआईटी गठित, नए SSP ने संभाला मोर्चा

यह भी पढ़ें- सुरक्षा के कड़े पहरे और अपनों के आंसुओं के बीच पंचतत्व में विलीन हुए हिमांशु, फफक पड़े पापा